छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर महापौर प्रीति सूरी ने बाबा घाट, बजरंग घाट एवं छपरवाह घाट का किया सघन निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर विशेष सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के दिए निर्देश
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी!दिनांक,11 नवंबर 2026 आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर निगम प्रशासन द्वारा घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए बुधवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने निगम के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने बाबा घाट, बजरंग घाट एवं छपरवाह घाट पहुंचकर साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
घाटों पर स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था को समय पर करें पूर्ण
महापौर श्रीमती सूरी ने निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी घाटों एवं पहुंच मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों की सीढ़ियों, नदी किनारे एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरे एवं गाद की सफाई कराई जाए। साथ ही घाटों के किनारों एवं आवागमन मार्गों पर चूने की लाइनिंग कराई जाए।महापौर ने घाट परिसर एवं पहुंच मार्गों पर झुकी हुई पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराने तथा मच्छरों एवं अन्य कीटों से बचाव के लिए नियमित कीटनाशक दवाओं का छिड़काव एवं फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही घाटों पर पुताई का कार्य भी समय-सीमा में पूर्ण कराने को कहा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रेलिंग निर्माण हेतु तैयार करें प्रस्ताव
महापौर श्रीमती सूरी ने भविष्य में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए बजरंग घाट एवं छपरवाह घाट में रेलिंग लगाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित उपयंत्रियों को दोनों घाटों में रेलिंग निर्माण कार्य हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी समय में नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर रेलिंग निर्माण कराया जा सके और घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।महापौर ने कहा कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी एवं सुभाष साहू, क्षेत्रीय पार्षद संतोष शुक्ला, श्रीमती प्रभा गुप्ता एवं शकुंतला सोनी, सहायक यंत्री मोना करेरा, उपयंत्री जे.पी. सिंह बघेल, राजललित गुमास्ता, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी निशांत कनौजिया सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

