सड़क हादसों पर अंकुश लगाने एनकेजे पुलिस ने चलाया सड़क सुरक्षा अभियान,
पंपलेट बांटकर वाहन चालकों को किया जागरूक, हेलमेट-सीट बेल्ट पर चालानी कार्रवाई; शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कसा शिकंजा,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। दिनांक, 2 अक्टूबर 2026 पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले में सड़क हादसों की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना एनकेजे पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान चलाकर वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने लोगों को सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित कर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस द्वारा करीब डेढ़ दर्जन वाहन चालकों के विरुद्ध हेलमेट एवं सीट बेल्ट नहीं पहनने पर चालानी कार्रवाई की गई। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 5 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही एनकेजे पुलिस द्वारा गुंडा, निगरानी बदमाश एवं आदतन अपराधियों की भी लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा ऐसे व्यक्तियों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली जा रही है और आवश्यक रूप से उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पुलिस का यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा।

