माधव नगर में,दिनदहाड़े कॉमर्शियल तार काटकर ले गए चोर, सीसीटीवी में कैद संदिग्धों से वार्डवासी दहशत में,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी/ दिनांक, 7 अक्टूबर 2026माधव नगर/कटनी। माधव नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खेवर लाइन स्थित संत कंवरराम वार्ड में चोरी की घटनाओं ने वार्डवासियों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को दिनदहाड़े अज्ञात चोर कॉमर्शियल प्रतिष्ठान की तार काटकर चोरी कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले संदिग्ध कुछ समय पहले समदड़िया क्षेत्र में भी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूमते हुए नजर आए थे। उनकी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज के आधार पर पुलिस द्वारा संदिग्धों की पहचान और तलाश किए जाने की उम्मीद है।
आए दिन हो रही घटनाओं से परेशान वार्डवासी
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संत कंवरराम वार्ड और आसपास के क्षेत्र में चोरी सहित अन्य संदिग्ध गतिविधियों की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं। इससे लोगों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। वार्डवासियों का कहना है कि दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आने से यह चिंता और बढ़ गई है कि कहीं भविष्य में कोई बड़ी वारदात न हो जाए।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर वार्डवासियों ने पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना यह है कि पुलिस इस घटना को कितनी गंभीरता से लेते हुए आरोपियों तक पहुंचती है।

