सेवा संकल्प अभियान में वन परिक्षेत्र बहोरीबंद का बदला स्वरूप, स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी/ दिनांक, 7 अक्टूबर 2016,बहोरीबंद। सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को वन परिक्षेत्र बहोरीबंद परिसर में “सेवा संकल्प अभियान 2026” के तहत वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। वन परिक्षेत्र बहोरीबंद के समस्त स्टाफ एवं वन सुरक्षा श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए परिसर की साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान वन परिसर में जगह-जगह जमा पॉलीथीन, डिस्पोजल सामग्री, झाड़ियां, कचरा एवं घास आदि को हटाकर व्यवस्थित रूप से साफ-सफाई की गई। अभियान के माध्यम से स्वच्छता के साथ-साथ वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।
स्वच्छता अभियान के पश्चात वन परिक्षेत्र अधिकारी देवेश गौतम (वनक्षेत्रपाल), ग्राम पंचायत बहोरीबंद के सरपंच प्रतिनिधि ब्रजेश गुप्ता सहित वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा वन परिसर में बीजा के पौधे का रोपण किया गया। पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र बढ़ाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वन सुरक्षा श्रमिकों ने वनों को अवैध कटाई, अवैध अग्नि एवं अन्य नुकसान से बचाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सदैव सजग रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र अधिकारी देवेश गौतम, सरपंच प्रतिनिधि ब्रजेश गुप्ता, ग्राम पंचायत बहोरीबंद के प्रतिनिधि, समस्त परिक्षेत्र सहायक, वनरक्षक, स्थायीकर्मी एवं वन सुरक्षा श्रमिक उपस्थित रहे। अभियान ने स्वच्छता के साथ प्रकृति और वनों की सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

