त्योहारों पर कटनी पुलिस अलर्ट, देर रात तक सड़कों पर मुस्तैद रह रहे पुलिस कर्मी, संदिग्धों पर रखी जा रही नजर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त। दुर्गा पूजा पंडालों एवं गरबा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग।शांति, सुरक्षा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस बल सतत सक्रिय।
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। दिनांक, 18 अक्टूबर 2026 शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त कर रहे हैं। त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मी देर रात तक सड़कों पर मुस्तैद रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
दुर्गा पूजा पंडालों एवं गरबा स्थलों पर विशेष सतर्कता
दुर्गा पूजा पंडालों, गरबा स्थलों एवं अन्य धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिसकर्मी आयोजन स्थलों के आसपास, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। साथ ही भीड़ को व्यवस्थित रखने, आवागमन सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग
जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सतत भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।
सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील
कटनी पुलिस की प्राथमिकता है कि शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और भ्रामक सूचनाओं को आगे प्रसारित न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।कटनी पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि सभी श्रद्धालु निर्भय होकर मां दुर्गा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकें और त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में मना सकें।

