मिथलेश जैन एडवोकेट के विशेष प्रयासों से घंटाघर में 78 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात 53 लाख की लागत से रामलीला रंगमंच का भूमिपूजन, 25 लाख के सुलभ कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी, 17 अक्टूबर 2026 नगर निगम कटनी के अंतर्गत रघुनाथ गंज वार्ड क्रमांक 23 स्थित घंटाघर रामलीला मैदान में 53 लाख रुपये की लागत से रंगमंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन तथा 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स का शुभारंभ किया गया। कुल 78 लाख रुपये के इन विकास कार्यों की सौगात स्थानीय पार्षद एवं एडवोकेट मिथलेश जैन के विशेष प्रयासों से क्षेत्रवासियों को मिली।कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक, स्थानीय पार्षद मिथलेश जैन एडवोकेट, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष राजाराम यादव, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार (आईएएस), पूर्व पार्षद संदीप यादव गुड्डू सहित नगर निगम के पार्षदगण, रामलीला समिति के सदस्य, व्यापारी बंधु एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक, पार्षद मिथलेश जैन एडवोकेट एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा भूमिपूजन किया गया। इसके पश्चात शिलालेख का अनावरण कर निर्माण कार्य के लिए कुदाली चलाई गई। वहीं, अतिथियों ने फीता काटकर सुलभ कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया।
रामलीला कलाकारों को मिलेगी बेहतर सुविधा
स्थानीय पार्षद मिथलेश जैन एडवोकेट ने बताया कि घंटाघर रामलीला मैदान में वर्षों से भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन किया जाता रहा है। रामलीला में भाग लेने वाले कलाकारों को वस्त्र बदलने, वेशभूषा धारण करने तथा श्रृंगार करने के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए 53 लाख रुपये की लागत से रंगमंच के साथ दो कक्ष एवं प्रसाधन सुविधा का निर्माण कराया जा रहा है। इससे रामलीला के आयोजन को व्यवस्थित बनाने और कलाकारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।उन्होंने बताया कि घंटाघर कटनी का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र एवं शहर का हृदय स्थल है। यहां सराफा बाजार, झंडा बाजार, किराना बाजार और कपड़ा बाजार सहित अनेक प्रमुख बाजार स्थित हैं। यहां दूर-दूर से लोग खरीदारी के लिए आते हैं। प्रसाधन की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण विशेषकर महिलाओं सहित आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ता था। 25 लाख रुपये की लागत से सुलभ कॉम्प्लेक्स के शुभारंभ से नागरिकों को इस समस्या से काफी राहत मिलेगी।
महापौर श्रीमती प्रीति सूरी ने विकास कार्यों को बताया जनहितकारी
अपने उद्बोधन में महापौर श्रीमती प्रीति सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराना और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है। घंटाघर जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में सुलभ कॉम्प्लेक्स की सुविधा उपलब्ध होना आम नागरिकों, व्यापारियों तथा बाजार में आने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। वहीं, रामलीला मैदान में रंगमंच एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने की दिशा में सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनसुविधाओं और शहर के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने दी शुभकामनाएं
नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक ने अपने उद्बोधन में कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। घंटाघर क्षेत्र में रंगमंच, कक्ष एवं प्रसाधन सुविधा का निर्माण धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ आम नागरिकों की आवश्यकताओं को भी पूरा करेगा। उन्होंने इन जनहितकारी कार्यों के लिए स्थानीय पार्षद मिथलेश जैन एडवोकेट एवं नगर निगम की टीम को शुभकामनाएं दीं।युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव अंशु मिश्रा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, पूर्व पार्षद संदीप यादव गुड्डू, भूपेश जायसवाल एडवोकेट, अतुल सचदेवा ने भी अपने उद्बोधन में क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार को आवश्यक बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यों से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों से जुड़े लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलता है। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व पार्षद मनोज गुप्ता एडवोकेट ने किया।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अजय खटीक, पार्षद सुभाष साहू, पार्षद डॉ रमेश सोनी, पार्षद जयनारायण निषाद, पार्षद शकुन्तला सोनी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद राजाराम यादव, पार्षद रेखा संजय तिवारी, पार्षद उमेन्द्र अहिरवार, पार्षद सुरेन्द्र गुप्ता एडवोकेट, पूर्व पार्षद अरुण कनौजिया मामा, पूर्व पार्षद लता कनौजिया, राजेन्द्र तिवारी, के के शर्मा, रमेश सोनी, नोडल अधिकारी आदेश जैन, उप यंत्री रवि हिनोटे, सुलभ इंटरनेशनल के काशीनाथ झा, रविशंकर शर्मा, अविनाश सिंह, तुलाराम गौंटिया, विनीत जायसवाल, शशांक गुप्ता, बाला गट्टानी, शिवकुमार यादव, गोविंद सचदेवा, रामकृष्ण गट्टानी, अजय सरावगी, यश बहरे, राजेश चौदह, वेंकट गट्टानी, हरी गट्टानी, विनोद देंगरे, जयकांत पुरवार, नारायण पाठक, सत्यम सिंह चौहान, मुरली देववंशी, परशु रत्नानी, देवनारायण गुप्ता इत्यादि उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने इन विकास कार्यों को क्षेत्र की लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकताओं की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया

