शुभारंभ, उत्साह और जनभागीदारी के बीच राम मनोहर लोहिया वार्ड में विकास की नई इबारत,
लगभग 80 लाख रुपये के विकास कार्यों से संवरेगा अहमद नगर क्षेत्र, महापौर ,क्षेत्रीय पार्षद सहित जनप्रतिनिधियों ने किया भूमिपूजन,
सड़कें विकास का द्वार हैं, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता– महापौर श्रीमती सूरी,
लंबे समय से प्रतीक्षित विकास कार्य होंगे पूरे, अहमद नगर क्षेत्र को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं – पार्षद श्री अहिरवार
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी (15 अक्टूबर 2026) – मातृशक्ति की आराधना के पावन दिनों में नगर विकास एवं जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार, 15 अक्टूबर को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य श्री उमेंद्र अहिरवार सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामय मौजूदगी में राम मनोहर लोहिया वार्ड क्रमांक 5 स्थित अहमद नगर में सड़क निर्माण एवं आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन उत्साह और जनभागीदारी के बीच संपन्न हुआ। लगभग 66 लाख 47 हजार रुपये की लागत से सी.सी. रोड निर्माण तथा लगभग 13 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कराया जाएगा। इन दोनों विकास कार्यों पर लगभग 80 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे जिससे क्षेत्र की सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ही बच्चों के लिए आंगनबाड़ी संबंधी सुविधाओं का विस्तार भी होगा।
भूमिपूजन के गरिमामय आयोजन में एमआईसी सदस्य सर्व श्री डॉ रमेश सोनी,सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता,पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी,एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, समाजसेवी डॉ सुनील द्विवेदी,विजय ठाकुर,नसीम खान, डॉ खान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनों की मौजूदगी रही।
सड़कें विकास का द्वार हैं, हर नागरिक की जरूरत से जुड़ी हैं बेहतर सड़कें – महापौर
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि सड़कें विकास का द्वार होती हैं। सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन और दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी होती हैं। बच्चों को स्कूल जाना हो, मरीजों को अस्पताल पहुंचना हो या आम नागरिकों को अपने कार्यस्थल एवं अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचना हो, सभी के लिए बेहतर सड़कें आवश्यक हैं। अच्छी सड़कें आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को भी गति प्रदान करती हैं। इसी उद्देश्य से नगर निगम द्वारा वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क निर्माण एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।
महापौर ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने वार्ड में हो रहे विकास कार्यों के प्रति जागरूक रहें तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर ध्यान दें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होने चाहिए, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक उनका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की उपयोगिता तभी सार्थक होगी, जब उनका निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हों।
स्वच्छता बनाए रखें, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाएं
महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों से नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। सभी नागरिक अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखें तथा कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छ, हरित और विकसित कटनी के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
अहमद नगर में 66 लाख 47 हजार रुपये की लागत से होगा सी.सी. रोड निर्माण
राम मनोहर लोहिया वार्ड के अहमद नगर मुख्य मार्ग में लगभग 66 लाख 47 हजार रुपये की लागत से सी.सी. रोड का निर्माण कराया जाएगा। यह कार्य क्षेत्र की सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने तथा नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा साथ ही सड़क निर्माण से स्थानीय रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
वही वार्ड में लगभग 13 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन का निर्माण भी कराया जाएगा। आंगनबाड़ी भवन बच्चों की देखभाल, पोषण एवं बाल विकास से संबंधित गतिविधियों के संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भवन निर्माण से स्थानीय स्तर पर आंगनबाड़ी संबंधी गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र के बच्चों एवं संबंधित हितग्राहियों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक पहल होगी।
वर्षों से प्रतीक्षित विकास कार्यों को मिली गति, पार्षद श्री अहिरवार ने जताया आभार
क्षेत्रीय पार्षद श्री अहिरवार ने कहा कि महापौर श्रीमती सूरी के नेतृत्व में अहमद नगर क्षेत्र में वर्षों से प्रतीक्षित विकास कार्य अब धरातल पर साकार होने जा रहे हैं। सी.सी. रोड एवं आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों का शुभारंभ क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड के जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की समस्याओं को सामने लाना, नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दिलाना और मूलभूत सुविधाओं की जरूरतों को पूरा कराने के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वार्ड के जिन क्षेत्रों में सड़क, नाली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है, उन्हें भी प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और वार्ड का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
नागरिक सुविधाओं के विस्तार से साकार होगा विकसित कटनी का संकल्प
महापौर श्रीमती सूरी ने बताया कि निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, आंगनबाड़ी भवन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की योजना बनाई जा रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ नगर की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाया जा सके।
राम मनोहर लोहिया वार्ड में सी.सी. रोड एवं आंगनबाड़ी भवन निर्माण के ये कार्य क्षेत्र के विकास को नई गति देने में सहायक होंगे। एक ओर सड़क निर्माण से आवागमन की सुविधा बेहतर होगी, वहीं दूसरी ओर आंगनबाड़ी भवन से बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा। नगर निगम द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के सहयोग से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने,निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

