मातृशक्ति के सम्मान और जनकल्याण के संकल्प के साथ लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में लगभग 35 लाख के विकास कार्यों का शुभारंभ,
नवरात्रि की पंचमी पर सम्मान और विकास का संगम, महापौर, क्षेत्रीय पार्षद एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति में कन्या शिवि के करकमलों से हुआ भूमिपूजन,
महापौर श्रीमती सूरी ने मातृशक्तियों का पुष्पहार से किया अभिनंदन,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी, (16 अक्टूबर 2026) – नवरात्रि के पावन पर्व पर आस्था, सम्मान और जनसेवा की भावना के साथ नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को नवरात्रि की पंचमी के शुभ अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में लगभग 35 लाख की लागत से होने जा रहे सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सरला मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामय मौजूदगी में वार्ड की कन्या शिवि के हाथों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने उपस्थित मातृशक्तियो को पुष्पहार पहनाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान महापौर ने वार्ड की अन्य गलियों का निरीक्षण कर क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा भी लिया।
भूमिपूजन के शुभ अवसर के दौरान एमआईसी सदस्य सर्व श्री डॉ रमेश सोनी,सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता,पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी,एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, समाजसेवी डॉ सुनील द्विवेदी, समाजसेवी संतोष मिश्रा, सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनों की मौजूदगी रही।
लगभग 35 लाख 8 हजार रुपये के विकास कार्यों से सुदृढ़ होगी वार्ड की सड़क व्यवस्था
विकास कार्यों के अंतर्गत लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दो महत्वपूर्ण सी.सी. रोड निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। जिसमें सुभाष तिवारी के घर से शंकर दुबे के घर तक लगभग 27 लाख 8 हजार रुपये तथा आनंद पटेल के घर से अशोक सोनी के घर तक लगभग 8 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों से संबंधित मार्गों पर आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा तथा वार्ड की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।
मातृशक्ति का सम्मान हमारी संस्कृति की पहचान, हर वार्ड का विकास हमारी प्रतिबद्धता – महापौर श्रीमती सूरी
महापौर श्रीमती सूरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व मातृशक्ति की आराधना, सम्मान और समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण करने का अवसर है। भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को विशेष स्थान प्राप्त है। इसी भावना के साथ आज मातृशक्ति का स्वागत एवं अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर का विकास तभी सार्थक है, जब प्रत्येक वार्ड के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और उनकी रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान हो।
महापौर ने आगे कहा कि विकास केवल एक सड़क के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझते हुए योजनाबद्ध तरीके से सुविधाओं का विस्तार करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से वार्ड में निर्माण कार्यों के साथ अन्य गलियों का निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, उसे चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे विकास कार्यों में सहयोग करें, अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के प्रति जागरूक रहें। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही विकसित एवं सुविधायुक्त कटनी का संकल्प साकार होगा।
विकास कार्यों को गति मिलने पर पार्षद श्रीमती सरला मिश्रा ने जताया आभार
क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सरला मिश्रा ने वार्ड में सी.सी. रोड निर्माण कार्यों के शुभारंभ पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा प्रत्येक नागरिक की आवश्यकता है। वार्ड में प्रस्तावित दोनों सड़क निर्माण कार्यों से स्थानीय रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की सड़क व्यवस्था बेहतर होगी।
विकास कार्यों की सौगात से वार्डवासियों में हर्ष, नागरिकों ने महापौर, पार्षद एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति जताया आभार
लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में नवरात्रि की पंचमी के पावन अवसर पर सी.सी. रोड निर्माण कार्यों के भूमिपूजन से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल रहा। विकास कार्यों का शुभारंभ होने पर वार्डवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। नागरिकों ने क्षेत्र में विकास कार्यों की पहल के लिए महापौर श्रीमती सूरी, पार्षद व नगर निगम प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार जताया। उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि इन निर्माण कार्यों से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और वार्ड के विकास को नई गति मिलेगी।

