कटनी स्टेशन पर 5 अक्टूबर को विशेष टिकट जांच अभियान किलाबंदी चैक में 25 सदस्यीय संयुक्त दल करेगा सघन जांच, बिना टिकट यात्रियों पर रहेगी नजर
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। दिनांक 4 अक्टूबर 2026पश्चिम मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री अरविंद कुमार रजक के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जबलपुर श्री शशांक गुप्ता के मार्गदर्शन में सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को कटनी रेलवे स्टेशन पर विशेष टिकट जांच (किलाबंदी चैक) अभियान चलाया जाएगा।अभियान की शुरुआत सुबह 9 बजे से होगी। रेलवे मुख्यालय के निर्देशानुसार भोपाल एवं कोटा मंडल के टिकट जांच कर्मचारी भी इस विशेष अभियान में शामिल होंगे। इसके अलावा आरपीएफ, जीआरपी, पीसीसीएम स्क्वाड तथा जबलपुर मंडल के टिकट जांच कर्मचारियों को मिलाकर करीब 25 सदस्यीय संयुक्त दल स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में सघन टिकट जांच करेगा।
बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रहेगी नजर
विशेष टिकट जांच अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ-साथ अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों की भी जांच की जाएगी। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।अभियान के माध्यम से यात्रियों को रेलवे यात्रा नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट लेकर ही स्टेशन एवं ट्रेन में प्रवेश करें तथा रेलवे नियमों का पालन करें।रेलवे प्रशासन के अनुसार, विशेष जांच अभियान का उद्देश्य यात्रियों को असुविधा पहुंचाना नहीं, बल्कि टिकट लेकर यात्रा करने की व्यवस्था को मजबूत करना और रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

