ओवरलोडिंग पर प्रशासन का शिकंजा,चार हाईवा से 11.30 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला खनिज विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, डस्ट,गिट्टी और रेत से लदे वाहन किए गए थे जब्त
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। दिनांक, 28 अक्टूबर 2026जिले में ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन, खनिज विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में ओवरलोडिंग के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए चार हाईवा वाहनों पर खनिज विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल
11 लाख 30 हजार 878 रुपये का जुर्माना वसूल किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन में 10 अक्टूबर 2026 को खनिज विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने ओवरलोडिंग के विरुद्ध कार्रवाई की थी। इस दौरान डस्ट, गिट्टी एवं रेत से लदे चार हाईवा वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ यातायात थाना, जिला कटनी में खड़ा कराया गया था।
चार वाहनों पर अलग-अलग जुर्माना
खनिज विभाग द्वारा 28 अक्टूबर 2026 को चारों वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माने की राशि वसूल की गई। वाहनों पर की गई कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है—
वाहन क्रमांक CG04PG5857: 4,54,000 रुपये
वाहन क्रमांक CG04NX1857: 28,700 रुपये
वाहन क्रमांक CG04PJ1397:4,55,000 रुपये
वाहन क्रमांक MP20ZN8799: 1,93,178 रुपये
इस प्रकार चारों वाहनों से कुल 11,30,878 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
अधिकारियों के मार्गदर्शन में संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई खनिज अधिकारी आर.के. दीक्षित, कमलेश परस्ते एवं खनिज विभाग के स्टाफ तथा यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर और यातायात पुलिस स्टाफ के समन्वय से की गई।
ओवरलोड वाहनों पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना तथा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना है। निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज सामग्री का परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। संबंधित विभागों ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

