कटनी में ट्रैफिक पुलिस का सख्त एक्शन, ओवरस्पीडिंग के 27 और शराब पीकर वाहन चलाने के 12 मामले पकड़े पिपरोध हाईवे पर स्पीड रडार से वाहनों की निगरानी, यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। दिनांक,28 अक्टूबर 2026जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पिपरोध मार्ग पर स्पीड रडार मशीन के माध्यम से वाहनों की गति पर नजर रखी जा रही है। पिछले दो दिनों में निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले 27 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जबकि पिछले 10 दिनों में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 12 चालकों पर मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा यह अभियान संचालित किया जा रहा है। यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में यातायात स्टाफ सड़कों पर निगरानी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई कर रहा है।
जबलपुर से कटनी आने वाले वाहनों पर विशेष नजर
राष्ट्रीय राजमार्ग के पिपरोध मार्ग पर स्पीड रडार मशीन के जरिए वाहनों की गति की निगरानी की जा रही है। अभियान के दौरान जबलपुर से कटनी की ओर आने वाले वाहनों पर विशेष ध्यान दिया गया। निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 27 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई कर यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
नशे में वाहन चलाने वालों पर भी शिकंजा
यातायात पुलिस ने पिछले 10 दिनों में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 12 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का उद्देश्य तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने जैसी लापरवाही पर नियंत्रण स्थापित करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
यातायात टीम की सक्रिय भूमिका
पिपरोध हाईवे पर संचालित इस अभियान में निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर,रक्षित निरीक्षक अंजू लकड़ा, उप निरीक्षक शशि भूषण दुबे, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह, मंजय कुमार यादव, राजकुमार अहिरवार एवं दीपक सिंह की सक्रिय भूमिका रही।यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों को गंभीरता से अपनाएं,ताकि स्वयं के साथ-साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।

