चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से जारी है गणेश प्रतिमा विसर्जन अधिकारियों की टीम ने विसर्जन घाटों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुरक्षा, प्रकाश, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने दिए निर्देश
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। गणेश अनंत चतुर्दशी पर्व पर नगर के चिन्हित समस्त विसर्जन घाटों में निर्मित कृत्रिम कुंडों में शुक्रवार प्रातः से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से निरंतर जारी हैl नगर निगम प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक विसर्जन की व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही व्यवस्थाओं की सतत रूप से निगरानी रखी जा रही है। निगम की टीमें विसर्जन स्थलों पर मुस्तैदी से तैनात रहकर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखने में जुटी हैं।निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर निगम के अधिकारियों की गठित टीम द्वारा विभिन्न विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया, राजस्व अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री सहित अन्य अधिकारियों ने विसर्जन स्थलों पर पहुंचकर सुरक्षा, प्रकाश, साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सतत बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए गए।
बारिश के मद्देनजर सुरक्षा एवं स्वच्छता पर विशेष सतर्कता
निरीक्षण के दौरान वर्षा की स्थिति को देखते हुए नदी के जलस्तर एवं बहाव पर विशेष निगरानी रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। विसर्जन कुंडों की निरंतर सफाई, शुद्ध जल भराव तथा घाटों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। निगम की नियुक्त टीमें विसर्जन स्थलों पर उपस्थित रहकर लगातार निगरानी करते हुए श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग प्रदान कर रही हैं।
यातायात सुगम बनाने मैदान में मुस्तैद निगम की टीमें
विसर्जन के दौरान प्रमुख मार्गों एवं घाटों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए निगम की हांका एवं अतिक्रमण शाखा की टीमें भी सक्रिय हैं। मार्गों में अवरोध उत्पन्न न हो तथा श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम के समन्वित प्रयासों से नगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन का क्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से निरंतर जारी है।

