वन भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों पर विजयराघवगढ़ पुलिस की सख्ती करीब 250 महिला-पुरुषों ने थाने पहुंचकर प्रस्तुत किए पहचान संबंधी दस्तावेज,पुलिस ने शुरू किया सत्यापन
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी/दिनांक, 22 सितंबर 2026वन भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विजयराघवगढ़ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर पुलिस ने ग्राम कारीतलाई, पिपरा, बम्हौरी, कुसमा एवं गुड़ेहा क्षेत्र में स्थित वन भूमि का भौतिक निरीक्षण कर अतिक्रमण वाले स्थानों को चिन्हित किया।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक अभिषेक चौबे द्वारा की गई।पुलिस टीम ने संबंधित क्षेत्रों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। वहां मौजूद लोगों को थाना पहुंचकर अपनी पहचान संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने एवं पुलिस सत्यापन में सहयोग करने के लिए पाबंद किया गया। इसी क्रम में मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग विजयराघवगढ़ थाना परिसर पहुंचे। करीब 250 महिला-पुरुषों ने पुलिस के समक्ष अपने आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर सहित आवश्यक जानकारी प्रस्तुत की, जिसका पुलिस द्वारा सत्यापन किया जा रहा है कार्रवाई के दौरान राज्य वन विकास निगम के रेंज ऑफिसर श्री नायडू एवं उनकी टीम भी थाना परिसर में मौजूद रही। पुलिस एवं वन विभाग की टीम ने वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों को समझाइश देते हुए स्पष्ट किया कि वन भूमि पर अतिक्रमण करना कानूनन अवैध है। संबंधित लोगों को वन भूमि खाली करने की हिदायत भी दी गई।पुलिस के अनुसार दस्तावेजों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि इनमें मैहर, सतना, रीवा, सीधी एवं शहडोल जिलों से जुड़े लोग शामिल हैं। पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्तियों के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।पुलिस की इस कार्रवाई से वन भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर पर निगरानी तेज होने के संकेत मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

