पीरबाबा बायपास की दुकानों के सामने कट देने की मांग दुकानदारों ने कलेक्टर से लगाई गुहार, कहा- रास्ता बंद हुआ तो प्रभावित होगा रोजगार
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। पीरबाबा बायपास हाईवे से लगी दुकानों के सामने वाहनों के आवागमन के लिए आवश्यकतानुसार कट दिए जाने की मांग को लेकर स्थानीय दुकानदारों ने कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा है। दुकानदारों का कहना है कि हाईवे पर डिवाइडर निर्माण के कारण दुकानों तक वाहनों की सीधी पहुंच बाधित होने की आशंका है, जिससे लंबे समय से संचालित व्यापार प्रभावित होगा।आवेदन में पीरबाबा देवरी निवासी शुभम पटेल ने बताया कि बायपास रोड से लगी उनकी निजी भूमि पर चार दुकानें निर्मित हैं, जो वर्तमान में संचालित हैं। इसके अलावा आसपास करीब 50 अन्य दुकानें भी बनी हुई हैं। इन दुकानों से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से करीब 100 लोगों के परिवारों का भरण-पोषण होता है।दुकानदारों का कहना है कि हाईवे पर डिवाइडर बनने के बाद यदि दुकानों के सामने वाहनों के आने-जाने के लिए रास्ता नहीं छोड़ा गया तो ग्राहक अपनी गाड़ियां दुकानों तक नहीं ला सकेंगे। इससे व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नियमों के अनुरूप दुकानों के सामने आवश्यक स्थानों पर कट उपलब्ध कराया जाए, ताकि वाहनों का आवागमन सुचारु रहे और दुकानदारों का रोजगार भी प्रभावित न हो। दुकानदारों ने कलेक्टर से मामले का निरीक्षण कर उचित समाधान कराने की मांग की है।

