आदिवासी भूमि और निस्तारी नाले पर कब्जे की शिकायत सपा जिलाध्यक्ष डॉ. ए.के. खान ने कलेक्टर से जांच व कार्रवाई की मांग
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। समाजवादी पार्टी जिला कटनी ने ग्राम इमलिया एवं पड़वार के बीच स्थित आदिवासी भूमि और शासकीय निस्तारी नाले को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। सपा जिलाध्यक्ष डॉ. ए.के. खान ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम इमलिया एवं पड़वार की सीमा से लगे क्षेत्र में शासकीय निस्तारी नाला राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। ग्राम इमलिया के खसरा नंबर 1 में करीब 0.80 हेक्टेयर तथा ग्राम पड़वार के खसरा नंबर 148 में करीब 0.91 हेक्टेयर भूमि निस्तारी नाले के रूप में दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। सपा का आरोप है कि उक्त नाले के स्वरूप को प्रभावित करते हुए वहां धर्मकांटा का निर्माण कर लिया गया है, जिससे प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका है।ज्ञापन में ग्राम पड़रवारा के खसरा नंबर 147/2, रकबा 0.12 हेक्टेयर भूमि का भी उल्लेख किया गया है, जो राजस्व रिकॉर्ड में पुष्पादेवी राज सिंह गोंड़ के नाम दर्ज बताई गई है। सपा ने आरोप लगाया कि आदिवासी भूमि के संबंध में नियमों की अनदेखी कर व्यावसायिक निर्माण किए जाने की शिकायत सामने आई है।डॉ. खान ने कहा कि आदिवासी भूमि के संरक्षण के साथ-साथ शासकीय निस्तारी नालों एवं प्राकृतिक जल संसाधनों की सुरक्षा भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कलेक्टर से संपूर्ण दस्तावेजों के आधार पर तत्काल जांच कराकर यदि शिकायत सही पाई जाए तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।सपा जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र जांच एवं उचित कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

