माधवनगर पुलिस ने फरार चोर को दबोचा,पांच वारदातों का करीब तीन लाख का माल बरामद,
एक आरोपी गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी; फैक्ट्री और कॉलोनी में हुई चोरियों का खुलासा,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी, / माधवनगर थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर करीब तीन लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपी ने पूछताछ में अपने साथी के साथ मिलकर पांच चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार अमकुही इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित फैक्ट्रियों में चोरी की तीन घटनाएं हुई थीं। इन वारदातों में तार, एसी, टीवी, एलईडी, इनवर्टर-बैटरी, सिलेंडर, मशीन पैनल, विभिन्न पार्ट्स, वायर और टूल्स सहित अन्य सामान चोरी गया था। इसके अलावा कृष्णाधाम कॉलोनी से दो मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायतें भी पुलिस को मिली थीं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी (अजाक) शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और भौतिक साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच के दौरान पुलिस ने सोनू साहू उर्फ काला, पिता कल्लू साहू, उम्र 24 वर्ष, निवासी बिलहरी थाना कुठला, हाल संतनगर थाना कोतवाली, कटनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने कैलवारा निवासी रामचंद्र ठाकुर के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी से करीब तीन लाख रुपये कीमत का चोरी का मशरूका बरामद किया है।
मामलों के संबंध में माधवनगर थाने में फैक्ट्री चोरी के अपराध क्रमांक 80/26, 441/26 एवं 481/26 में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज हैं। वहीं मोटरसाइकिल चोरी के मामले में अपराध क्रमांक 660/26 एवं 661/26 दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी का साथी रामचंद्र ठाकुर फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश लगातार की जा रही है।
पुलिस,कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में उनि योगेश मिश्रा, सउनि वहाब खान,श्रीकांत सेन,पवन सिंह, कमलेश बैरागी, नीलेन्द्र गौतम, मणि, रोहित सिंह, संजय सिंह एवं नवीन शुक्ला तथा चौकी बिलहरी से,भरत विश्वकर्मा उमाकांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

