कटनी पुलिस का विशेष सुरक्षा अभियान, एसपी ने किया आकस्मिक निरीक्षण
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिलेभर के सभी थाना क्षेत्रों में शैडो एरिया, संवेदनशील स्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन वाहन जांच एवं फ्रिस्किंग की गई।अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मिशन चौक, मुड़वारा रेलवे स्टेशन, इंदिरा नगर तिराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर वाहन चेकिंग, पैदल गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।पुलिस ने प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अपराध संभावित क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति भंग करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई, वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।पुलिस का कहना है कि रात्रिकालीन गश्त, शैडो एरिया चेकिंग और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।

