दीपावली पर्व के दौरान अग्नि दुर्घटना की संभावना को लेकर निगम प्रशासन अलर्ट, फायर वाहन से की गई विभिन्न मार्गों की पेट्रोलिंग
पटाखा दुकानों एवं भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारी, फायर ब्रिगेड के सुगम आवागमन पर विशेष जोर,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी। दीपावली पर्व के दौरान नगर के बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़, अस्थायी दुकानों एवं आतिशबाजी के मद्देनजर अग्नि दुर्घटनाओं की आशंका को देखते निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशानुसार अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सुरक्षा इंतजामों को सुनिश्चित करने हेतु विशेष सतर्कता बरती जाकर विभिन्न मार्गों की पेट्रोलिंग की जा रही हैं।
सहायक फायर प्रभारी श्री शैलेन्द्र कुमार दुबे ने बताया कि इसी क्रम में सोमवार शाम 6 बजे सिविल लाइन फायर कार्यालय से फायर ब्रिगेड वाहन से शहर के प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों लक्ष्मीबाई चौराहा, मोहन टॉकीज, स्टेशन रोड, बरही रोड, खिरहनी फाटक ओवरब्रिज, गर्ग चौराहा, घंटाघर एवं जगन्नाथ चौक सहित प्रमुख क्षेत्रों की पेट्रोलिंग की जाकर अग्निशमन वाहनों के आवागमन की स्थिति का जायजा लिया गया।
पेट्रोलिंग का मुख्य उद्देश्य दीपावली के दौरान किसी भी आकस्मिक अग्नि दुर्घटना की स्थिति में फायर ब्रिगेड वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए मार्गों को सुगम एवं बाधारहित बनाए रखना रहा । साथ ही बाजार क्षेत्रों में दुकानों एवं अस्थायी व्यावसायिक गतिविधियों के कारण उत्पन्न होने वाली संभावित अव्यवस्थाओं पर भी निगरानी रखी जा रही है।
श्री दुबे ने बताया कि दीपावली पर्व के दौरान अग्नि सुरक्षा को लेकर पेट्रोलिंग का यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके। कार्रवाई के दौरान सहायक फायर प्रभारी श्री शैलेन्द्र कुमार दुबे सहित अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग की टीम उपस्थित रही।

