धर्मशाला की संपत्ति को लेकर आमने-सामने आए जैन समाज और ट्रस्टी तीन दिनों से जारी विवाद पहुंचा कोतवाली, सकल जैन समाज ने किया प्रदर्शन; दोनों पक्षों ने पेश किए अपने-अपने दावे
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। दिनांक, 23 नवंबर 2026कोतवाली थाने के सामने स्थित जैन धर्मशाला एवं जैन पाठशाला की संपत्ति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। तीन दिनों से जारी विवाद के बीच सकल दिगंबर जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए और अपनी संपत्ति की सुरक्षा की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे। धर्मशाला पर अधिकार को लेकर ट्रस्टी पक्ष और जैन समाज के बीच शुरू हुआ विवाद तालाबंदी से होते हुए थाने तक पहुंच गया है। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद उन्हें राजस्व विभाग के समक्ष अपने दस्तावेज प्रस्तुत करने तथा न्यायालय के माध्यम से विवाद का निराकरण कराने की सलाह दी है।
समाज के सहयोग से हुआ था धर्मशाला का निर्माण
जैन समाज के लोगों के अनुसार, कोतवाली के सामने स्थित इस धर्मशाला का निर्माण समाज के सहयोग और दानराशि से कराया गया था। धर्मशाला के निर्माण में स्वर्गीय सेठ हुकूमचंद जैन, रतनचंद्र जैन, हीरापुक, संतोष मालगुजार एवं पदमचंद्र जैन पिपरोध सहित अन्य समाजसेवियों का योगदान रहा। निर्माण के लिए हुकूमचंद लाइम स्टोन कंपनी की ओर से चूना उपलब्ध कराया गया था। समाज के 95 लोगों ने दान दिया था, जबकि सकल जैन समाज पंचायत ने एक लाख 80 हजार रुपये की राशि प्रदान की थी।
समाज का कहना है कि इसी परिसर में जैन प्राथमिक पाठशाला का संचालन होता था, जहां कक्षा पहली से पांचवीं तक जैन समाज के साथ अन्य समाजों के बच्चों को भी शिक्षा दी जाती थी। धर्मशाला में जैन मुनि संघ, माताजी संघ, ब्रह्मचारिणी संघ सहित सम्मेद शिखरजी एवं अन्य तीर्थों की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने और विश्राम की व्यवस्था रहती है। इसके अलावा यहां सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते रहे हैं।
ट्रस्ट पंजीयन को लेकर समाज ने रखे दस्तावेज
सकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष संजय जैन, राकेश जैन कक्का, मिट्ठूलाल जैन सहित अन्य लोगों ने पुलिस को दिए आवेदन में धर्मशाला एवं पाठशाला को समाज की संपत्ति बताया है। उनका कहना है कि जैन पाठशाला एवं धर्मशाला का पंजीयन ट्रस्ट एक्ट के तहत 21 अप्रैल 1915 को पंजीयन क्रमांक 206 के अंतर्गत दर्ज है।समाज की ओर से आरोप लगाया गया है कि धर्मशाला की संपत्ति पर निजी अधिकार जताने और कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। शिकायत में धर्मशाला के बाहर बनी दुकानों को लेकर भी आशंका जताई गई है। समाज के लोगों का कहना है कि वर्तमान में धर्मशाला पर समाज का ताला लगा हुआ है, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से ताला तोड़ने की बात कही जा रही है।
दूसरे पक्ष ने 1913 में जमीन खरीदने का किया दावा
वहीं, भवन को अपने परिवार की संपत्ति बताने वाले अनुराग जैन का कहना है कि उनके पूर्वजों ने वर्ष 1913 में उक्त जमीन खरीदी थी। उनका दावा है कि जमीन पर निर्मित भवन समाज के उपयोग के लिए उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन इससे संपत्ति का स्वामित्व जैन समाज को प्राप्त नहीं हो जाता। दूसरे पक्ष की ओर से जमीन के करीब 70 वर्ष पुराने दस्तावेज होने की बात भी कही जा रही है।
कोतवाली पहुंचा मामला, न्यायालय से निराकरण की सलाह
रविवार को घटनाक्रम के बाद जैन धर्मशाला में दिगंबर जैन पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें मौजूदा स्थिति पर चर्चा की गई। इसके बाद बड़ी संख्या में समाज के लोग कोतवाली पहुंचे। कुछ देर बाद दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनते हुए उन्हें राजस्व विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपने-अपने दस्तावेज प्रस्तुत करने की सलाह दी। साथ ही संपत्ति संबंधी विवाद का निराकरण न्यायालय के माध्यम से कराने की बात कही।उल्लेखनीय है कि चेतनोदय तीर्थ क्षेत्र की भूमि को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है, जिसका अभी तक कोई निष्कर्ष नहीं निकला है। इसी बीच कोतवाली के सामने स्थित जैन धर्मशाला एवं पाठशाला की संपत्ति को लेकर नया विवाद सामने आने से समाज में हलचल बढ़ गई है। फिलहाल दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं और संपत्ति के स्वामित्व को लेकर अंतिम निर्णय होना शेष है।

