बरही अग्निकांड में 6 मौतों पर भड़के मिथिलेश जैन, बोले- पंगु हो चुका है जिला प्रशासन प्रशासनिक लापरवाही पर उठाए सवाल, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। दिनांक, 09 नवंबर 2026कटनी जिले के बरही में रात्रि के समय हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में छह लोगों की दर्दनाक मौत को लेकर नगर निगम कटनी के वरिष्ठ पार्षद एवं जिला शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मिथिलेश जैन एडवोकेट ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हृदयविदारक घटना पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।मिथिलेश जैन ने कहा कि बरही में हुई इस दर्दनाक घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। उनका आरोप है कि जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा समय पर फोन नहीं उठाना, घटना स्थल पर समय से नहीं पहुंचना तथा अग्निशमन वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होना बेहद गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि जिला प्रशासन पंगु हो चुका है और उसे आम नागरिकों के जीवन की सुरक्षा से कोई सरोकार नहीं रह गया है। प्रशासन का ध्यान जनसुरक्षा की ठोस व्यवस्था करने के बजाय फोटो खिंचवाने और जनसंपर्क कार्यालय के माध्यम से खबरें जारी करवाकर वाहवाही लूटने पर अधिक केंद्रित है।उन्होंने मध्यप्रदेश शासन से मांग की है कि इस गंभीर अग्नि दुर्घटना में हुई कथित प्रशासनिक लापरवाही की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों एवं दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी छह मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए,ताकि दुख की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिल सके मिथिलेश जैन ने कहा कि छह अनमोल जिंदगियों का असमय चले जाना बेहद पीड़ादायक है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शासन और प्रशासन को केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि धरातल पर प्रभावी कदम उठाने होंगे। आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए।

