भविष्य की राह चुनने छात्रों को मिला विशेषज्ञ मार्गदर्शन,सेक्रेड हार्ट स्कूल में सजा कैरियर कॉन्क्लेव देशभर की 30 यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधियों ने दी प्रोफेशनल कोर्सेस की जानकारी, 10वीं-12वीं के बाद बेहतर कैरियर विकल्पों से रूबरू हुए विद्यार्थी जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा एवं यशभारत के संपादक आशीष सोनी रहे अतिथि
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। दिनांक 15 नवंबर 2026 विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने और उन्हें उच्च शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसरों से परिचित कराने के उद्देश्य से सेक्रेड हार्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल में कैरियर कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन में देशभर के 30 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सेस, उच्च शिक्षा के विकल्पों और कैरियर की संभावनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बाद विद्यार्थियों के सामने उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक विकल्पों को स्पष्ट करना तथा उनकी रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप सही कैरियर चुनने के लिए मार्गदर्शन देना रहा। आयोजन में विश्वविद्यालयों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए, जहां विद्यार्थियों ने संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर वहां संचालित पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया और प्रोफेशनल शिक्षा से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में
जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा तथा विशिष्ट अतिथि (गेस्ट ऑफ ऑनर) के रूप में यशभारत के संपादक आशीष सोनी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों को समय रहते सही कैरियर मार्गदर्शन मिलना बेहद आवश्यक है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता पहचानने के साथ भविष्य की संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।उन्होंने कहा कि केवल पारंपरिक पाठ्यक्रमों तक सीमित रहने के बजाय विद्यार्थियों को विभिन्न प्रोफेशनल एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की जानकारी होना चाहिए, ताकि वे सोच-समझकर अपने भविष्य की दिशा निर्धारित कर सकें। इस प्रकार के नवाचार शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता को भी मजबूत करते हैं।इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष श्रीकांत गट्टानी, सचिव रामहित सोनी एवं स्कूल की प्राचार्य नूपुर कपूर ने अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से सीधे जुड़ने और अपने भविष्य से जुड़े सवालों के जवाब प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।सेक्रेड हार्ट स्कूल प्रबंधन की यह पहल विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा के साथ व्यावहारिक कैरियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में एक सार्थक प्रयास साबित हुई।

