शराब पीकर वाहन चलाने वाले तीन चालकों के वाहन जब्त,ओवरलोडिंग पर भी कार्रवाई; यातायात पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान बिलहरी नाका सहित विभिन्न चेकिंग पॉइंटों पर पुलिस की दबिश, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर 17 चालान
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। दिनांक 15 नवंबर 2026सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कटनी यातायात पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गत रात्रि बिलहरी नाका सहित शहर के विभिन्न चेकिंग पॉइंटों पर कार्रवाई करते हुए शराब के नशे में वाहन चलाने वाले तीन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर उनके वाहन जब्त किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।
इन वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई
यातायात पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में जिन तीन वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई, उनमें डीएल-1-एलआर-9214 के चालक गजराज सिंह (52 वर्ष), एमपी-21-जी-2776 के चालक सोनू कुशवाहा (30 वर्ष) तथा एमपी-13-जेडएच-4198 के चालक विकास कुमार यादव (26 वर्ष) शामिल हैं इसके अलावा वाहनक्रमांकएमपी-21-जी-2683 में ओवरलोडिंग पाए जाने पर कार्रवाई की गई। वहीं अव्यवस्थित पार्किंग, निर्धारित ऊंचाई से अधिक सामान लादने, वाहनों पर नियमानुसार पंजीयन क्रमांक प्रदर्शित नहीं करने तथा यातायात बाधित करने जैसे मामलों में कुल 17 चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों की अनदेखी पर नहीं मिलेगी छूट
कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया कि शराब पीकर वाहन चलाना, क्षमता से अधिक भार लादना और सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा करना गंभीर लापरवाही है। इससे न केवल स्वयं चालक की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।
इस कार्रवाई में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह, उप निरीक्षक शशिभूषण दुबे, सहायक उप निरीक्षक अशोक सिंह, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिंह, आरक्षक राजकुमार झारिया, अभिनव शुक्ला सहित यातायात पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कटनी,पुलिस की वाहन चालकों से अपील
कटनी यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब के सेवन के बाद कभी भी वाहन न चलाएं, वाहनों में निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही सामान लादें, निर्धारित स्थान पर ही पार्किंग करें तथा वाहन का पंजीयन क्रमांक स्पष्ट रूप से प्रदर्शित रखें। यातायात बाधित करने से बचें और सभी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

