कटनी के खनिज उद्योगों को मिलेगी नई उड़ान,डांग में गैंगसॉ मशीनों और विद्युत सबस्टेशन की संभावनाओं पर मंथन रीठी के डांग गांव में कलेक्टर,एसपी एवं डीएफओ ने किया सैंड स्टोन व फर्सी पत्थर की खदानों का निरीक्षण, स्थानीय खनिज संसाधनों से रोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने पर जोर
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। दिनांक, 9 अक्टूबर 2026जिले में खनिज आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने एवं स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग के उद्देश्य से आज जनसंवाद कार्यक्रम के अंतर्गत रीठी विकासखंड के घुघरा गांव में उद्यम संवाद आयोजित किया गया। इस दौरान डांग गांव स्थित सैंड स्टोन एवं फर्सी पत्थर की खदानों का कलेक्टर महोदय, पुलिस अधीक्षक महोदय एवं डीएफओ महोदय द्वारा भ्रमण कर खनन एवं पत्थर प्रसंस्करण की प्रक्रिया का अवलोकन किया गया।
खरे स्टोन के प्रोप्राइटर,अमन खरे की सैंड स्टोन माइंस में अधिकारियों ने पत्थरों की कटाई एवं प्रसंस्करण की संभावनाओं को समझा। खदान संचालकों ने क्षेत्र में गैंगसॉ मशीनें स्थापित करने तथा इनके लिए शासन की अनुदान योजनाओं का लाभ लेने पर चर्चा की। साथ ही, खदान संचालकों ने विद्युत सबस्टेशन स्थापित करने की मांग रखी, जिससे डीजल के स्थान पर बिजली से मशीनों का संचालन कर उत्पादन लागत कम करने और उद्योगों की आर्थिक व्यवहार्यता बढ़ाने में मदद मिल सके।
फर्सी पत्थर की खदान का निरीक्षण किया गया
यहां विशेषज्ञों ने अधिकारियों को पत्थर के ब्लॉक से विभिन्न आकार एवं माप के स्लैब तैयार करने की तकनीकी प्रक्रिया और प्रसंस्करण की बारीकियों की जानकारी दी।उद्यम संवाद के माध्यम से जिले में उपलब्ध खनिज संपदा को स्थानीय स्तर पर प्रसंस्कृत कर मूल्य संवर्धन, नए उद्योगों की स्थापना, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

