पुलिस अधीक्षक ने मां वीरासन देवी के दरबार में की पूजा-अर्चना,सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा एवं चौकी सिलौड़ी का किया निरीक्षण नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी/ दिनांक, 15 अक्टूबर 2026धार्मिक स्थलों की पवित्रता एवं मर्यादा बनाए रखने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश।
पुलिस एवं प्रशासन की व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील।
शारदेय नवरात्रि के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने चौकी सिलौड़ी,थाना ढीमरखेड़ा अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध मां वीरासन देवी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता, मर्यादा एवं गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मंदिर प्रबंधन समितियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि धार्मिक स्थलों पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि न हो तथा ऐसी कोई घटना न घटे, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हों। माता के दरबार में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण मिलना चाहिए, ताकि वे श्रद्धा और आस्था के साथ दर्शन कर आत्मिक शांति का अनुभव कर सकें।नवरात्रि पर्व के दौरान मां वीरासन देवी के दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता एवं सुचारु दर्शन व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता दें। साथ ही, मंदिर प्रबंधन समिति एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे शांति, सौहार्द एवं धार्मिक मर्यादा बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।
चौकी सिलौड़ी का किया निरीक्षण
मां वीरासन देवी के दर्शन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने चौकी सिलौड़ी का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने चौकी की व्यवस्थाओं एवं पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा कर्तव्यों के निर्वहन में सतर्कता, अनुशासन एवं तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीओपी स्लीमनाबाद श्रीमती आंकाक्षा चतुर्वेदी, थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा महिमा रघुवंशी, चौकी प्रभारी सिलौडी अनिल पाण्डेय एवं पुलिस बल उपस्थित रहा।कटनी पुलिस की अपील: नवरात्रि पर्व को श्रद्धा, भक्ति, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

