कटनी,छपरवाह में मां दुर्गा और मां काली की भव्य प्रतिमाओं की स्थापना, नवरात्र पर उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ सप्तमी पर देवी मंदिर में कन्या भोज एवं भंडारे का आयोजन, नवमी पर दोनों दुर्गा पंडालों में होंगे धार्मिक कार्यक्रम
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी।/दिनांक, 17 अक्टूबर 2026शहर के साथ ही उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह में शारदेय नवरात्र पर्व श्रद्धा, भक्ति और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। क्षेत्र के बर्मन मोहल्ला स्थित देवी मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है, वहीं विश्वकर्मा मोहल्ला में मां काली की भव्य एवं आकर्षक प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दोनों स्थानों पर प्रतिमा स्थापना के साथ ही मां जगत जननी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना का सिलसिला निरंतर जारी है।नवरात्र के दौरान दोनों दुर्गा पंडालों में सुबह और शाम होने वाली आरती में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। वहीं बर्मन मोहल्ला स्थित देवी मंदिर में सुबह से ही मां को जल अर्पित करने के लिए भक्त पहुंच रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और माता की आराधना में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
सप्तमी पर कन्या भोज एवं भंडारे का आयोजन
शारदेय नवरात्र की सप्तमी के अवसर पर देवी भक्त जूली महाराज की ओर से बर्मन मोहल्ला स्थित देवी मंदिर में कन्या भोज एवं भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कन्या भोज के साथ भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन के दौरान क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
नवमी पर दोनों पंडालों में होंगे आयोजन
आगामी 19 अक्टूबर, सोमवार को शारदेय नवरात्र की नवमी के अवसर पर दोनों दुर्गा पंडालों में संबंधित दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा कन्या भोज एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समितियों ने क्षेत्रवासियों से धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर मां का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
दशहरा पर प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा समापन
छपरवाह क्षेत्र में नवरात्र पर्व के अंतर्गत आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का समापन 20 अक्टूबर को दशहरा के पावन अवसर पर प्रतिमा विसर्जन के साथ होगा। नवरात्र पर्व को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु मां दुर्गा एवं मां काली की आराधना में लीन हैं।

