बड़वारा पुलिस की कार्रवाई: शराब के नशे में सवारियों से भरी यात्री बस चला रहा चालक पकड़ा, बस जब्तपेट्रोलिंग के दौरान ब्रीथ एनालाइजर से जांच में चालक द्वारा शराब सेवन की पुष्टि। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारकर वैकल्पिक व्यवस्था कराई गई।चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 एवं 66/192 के तहत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी! दिनांक, 17 अक्टूबर 2026पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में बड़वारा पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान शराब के नशे में यात्री बस चला रहे चालक को पकड़कर बस जब्त की तथा उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
पेट्रोलिंग के दौरान पकड़ी गई यात्री बस
दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान कटनी की ओर से आ रही गहरवार कंपनी की यात्री बस क्रमांक MP 54 ZC 9977 तेज गति से एवं लापरवाही पूर्वक लहराते हुए चलती दिखाई दी। पुलिस टीम ने तत्काल बस को रुकवाकर चालक की जांच की। ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच करने पर चालक कुलदीप विश्वकर्मा (30 वर्ष), पिता रामकुमार विश्वकर्मा, निवासी डीघी, थाना बरही, जिला कटनी द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई।
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता, बस जब्त
जांच के दौरान चालक शराब के नशे में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां लेकर बस चलाता पाया गया। बस में दर्जनों यात्री सवार थे। यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतरवाया तथा उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराई। इसके बाद बस क्रमांक MP 54 ZC 9977 को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई
पुलिस द्वारा चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 एवं धारा 66/192 के तहत कार्रवाई की गई। प्रकरण के निराकरण हेतु इस्तगासा माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।थाना बडवारा पुलिस की तत्परता से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में समय रहते कार्रवाई की गई। शराब के नशे में यात्री वाहन चलाना गंभीर लापरवाही है, जिससे अनेक लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक महेश प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र चढ़ार, आरक्षक बृजलाल प्रजापति एवं आरक्षक आकाश रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कटनी पुलिस की अपील
कटनी पुलिस आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि शराब अथवा किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं। विशेष रूप से यात्री वाहन चालकों की जिम्मेदारी है कि वे यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और यातायात नियमों का पालन करें। नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।कटनी पुलिस आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।

