ग्रामीण नल-जल योजनाओं के प्रभावी संचालन-संधारण के लिए जिला एवं जनपद वॉश समन्वयकों की नियुक्ति पेयजल एवं स्वच्छता कार्यों के प्रभावी समन्वय,अनुश्रवण एवं प्रबंधन के लिए जिला एवं जनपद स्तर पर संस्थागत व्यवस्था होगी सुदृढ़
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी / दिनांक 6 अक्टूबर 2026,ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक गुणवत्तापूर्ण पेयजल की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नल-जल योजनाओं के प्रभावी संचालन, नियमित संधारण एवं दीर्घकालिक स्थायित्व को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जिला एवं जनपद स्तर पर वॉश समन्वयकों की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं शासन द्वारा पेयजल एवं स्वच्छता से संबंधित कार्यों के प्रभावी समन्वय, अनुश्रवण एवं प्रबंधन के लिए जिला स्तर पर क्रियान्वयन एवं पर्यवेक्षण इकाई के रूप में जिला वॉश कार्यालय तथा जनपद पंचायत स्तर पर जनपद वॉश कार्यालय स्थापित किए जाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में जिला एवं जनपद स्तर पर वॉश समन्वयकों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।जिला पंचायत कटनी में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत पदस्थ जिला समन्वयक (संविदा) श्री कमलेश सैनी को जिला वॉश समन्वयक नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार जनपद पंचायतों में पदस्थ विकासखंड समन्वयक (संविदा), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) को जनपद वॉश समन्वयक के रूप में दायित्व सौंपा गया है। इनमें जनपद पंचायत बड़वारा में श्रीमती बबीता सिंह, बहोरीबंद में श्री नवीन साहू, ढीमरखेड़ा में श्रीमती संतोष पाठक, कटनी एवं रीठी में श्री जग्गी पटेल तथा विजयराघवगढ़ में श्रीमती श्रद्धा पांडे शामिल हैं। उक्त अधिकारी ग्रामीण नल जल योजनाओं के संचालन संधारण एवं प्रबंधन से संबंधित समन्वय एवं अनुश्रवण के कार्य क्रमशः मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत के अधीन संपादित करेंगे।
यह नियुक्तियां मध्यप्रदेश राजपत्र (असाधारण) दिनांक 22 जून 2026 के माध्यम से जारी मध्यप्रदेश पंचायत (ग्रामीण नल-जल योजना संचालन-संधारण एवं प्रबंधन) नियम, 2026 के प्रावधानों के परिप्रेक्ष्य में की गई हैं। इनका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लक्षित परिवारों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ वर्तमान एवं भविष्य में स्थापित होने वाली पेयजल योजनाओं की प्रभावशीलता तथा दीर्घकालिक स्थायित्व सुनिश्चित करना है।नवनियुक्त जिला एवं जनपद वॉश समन्वयक ग्राम स्तर पर स्थापित आंतरिक जल प्रणालियों के सुचारु संचालन, नियमित संधारण, प्रभावी प्रबंधन एवं पेयजल गुणवत्ता की निगरानी के लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करेंगे। वे जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर के संबंधित अमले के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पेयजल एवं स्वच्छता संबंधी नल-जल योजनाओं के संचालन में आने वाली समस्याओं के निराकरण, योजनाओं की नियमित निगरानी तथा उनके सतत एवं व्यवस्थित संचालन को प्रभावी बनाएंगे। इससे ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, टिकाऊ एवं परिणाममुखी बनाने में मदद मिलेगी।

