जिम्मेदारों की लापरवाही से मझगवां वेयरहाउस में शासकीय धान सड़ने लगी धान में उगे पौधे
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी/मझगवां स्थित वेयरहाउस में शासकीय धान के रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वेयरहाउस में रखी धान के बोरे पानी की चपेट में आने और बड़ी मात्रा में धान खराब होने के दावे किए जा रहे हैं। इसी बीच धान में पौधे उगने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया है।जानकारी के अनुसार, मझगवां वेयरहाउस में किसानों से खरीदी गई शासकीय धान का भंडारण किया गया है। आरोप है कि उचित रखरखाव नहीं होने के कारण कुछ बोरों में पानी पहुंच गया, जिससे धान खराब होने लगी। वायरल वीडियो में धान के बीच पौधे उगे हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, धान की वास्तविक मात्रा कितनी खराब हुई है और नुकसान कितना हुआ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई पर सवाल
स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर शिकायतें और खबरें सामने आने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शासकीय उपज के भंडारण में लापरवाही हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
वीडियो वायरल करने वाले युवक को धमकी का आरोप
मामले में प्रिंस गौतम द्वारा खराब धान के वीडियो सामने लाने और इसकी शिकायत करने की बात भी सामने आई है। प्रशासन से कार्यवाही की मांग की गई है युवक का आरोप है कि उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं। बताया गया है कि युवक ने एनकेजे थाना से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक आवेदन दिए हैं, लेकिन उसे अपेक्षित पुलिस सहायता नहीं मिली।अब पूरे मामले में प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। शासकीय धान के रखरखाव, खराब हुई धान की वास्तविक मात्रा, जिम्मेदारी और युवक को कथित धमकियों की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है। प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धान खराब होने के पीछे वास्तविक कारण क्या रहे और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
इनका कहना
वेयरहाउस में धान खराब हुई है नागरिक आपूर्ति विभाग के तहत जानकारी ली जाएगी और जो भी जैसा भी होगा कार्यवाही की जाएगी
नीलांबर मिश्रा अपर कलेक्टर

