मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए फागिंग एवं कीटनाशक छिड़काव अभियान जारी विभिन्न वार्डों में प्रतिदिन पहुंच रही निगम की स्वास्थ्य टीम
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव एवं नमी के कारण मौसमी बीमारियों के संभावित प्रसार को नियंत्रित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से कीटनाशक छिड़काव एवं फागिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। निगम की स्वास्थ्य टीमों द्वारा प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर नालियों, जलभराव वाले स्थानों एवं मच्छरों के संभावित प्रजनन स्थलों पर आवश्यकतानुसार कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है।स्वास्थ्य शाखा द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार अभियान के तहत सोमवार प्रातः जालपा देवी वार्ड, फॉरेस्टर वार्ड, जाकिर हुसैन वार्ड, आचार्य कृपलानी वार्ड सहित नगर के अन्य वार्डों के आवासीय क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों एवं मच्छरों के पनपने की संभावना वाले स्थलों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया गया। इसके साथ ही वंश स्वरूप वार्ड के चिन्हित क्षेत्रों में फागिंग कर वयस्क मच्छरों के नियंत्रण की कार्रवाई भी की गई। निगम की टीमों द्वारा नियमित निगरानी के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां आवश्यकता के अनुरूप छिड़काव एवं फागिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।नगर निगम द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, गमले, टंकियों एवं अन्य पात्रों में एकत्रित पानी को नियमित रूप से खाली करें तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निगम का सहयोग करें। निगम का यह अभियान वर्षा ऋतु के दौरान मच्छरों की संख्या नियंत्रित करने के साथ-साथ डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छरजनित एवं मौसमी बीमारियों के संभावित प्रसार को रोकने की दिशा में निरंतर जारी रहेगा।

