वेयरहाउस संचालकों पर अनावश्यक दबाव का आरोप, एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग कटनी वेयरहाउसिंग एसोसिएशन ने नीरज दुबे व जिला प्रबंधक के संबंध में सौंपा शिकायत पत्र
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। दिनांक, 22 सितंबर 2026 वेयरहाउस संचालकों पर कथित रूप से अनावश्यक दबाव बनाए जाने और मुख्यालय स्तर पर चल रही जांच को प्रभावित किए जाने के आरोप लगाते हुए कटनी वेयरहाउसिंग एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।एसोसिएशन की ओर से दिए गए शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन में कार्यरत नीरज दुबे एवं जिला प्रबंधक योगेन्द्र सिंह सेगर द्वारा वेयरहाउस संचालकों पर कथित रूप से दबाव बनाया जा रहा है। संचालकों का आरोप है कि उनसे खाली लेटर पैड पर हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया जा रहा है। हस्ताक्षर करने से इनकार करने पर ब्लैकलिस्ट करने, रिकवरी निकालने तथा नोटिस जारी करने जैसी कार्रवाई की धमकी दिए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
अधिक नमी वाली धान को लेकर भी उठाए सवाल
शिकायत में वेयरहाउस संचालकों ने धान की गुणवत्ता और नमी को लेकर भी अपनी समस्याएं सामने रखी हैं। उनका कहना है कि समितियों से अत्यधिक नमी वाली धान प्राप्त होने के बाद उसे वेयरहाउस में भंडारण के लिए भेजा जाता है। अत्यधिक गीली धान का भंडारण करने में असमर्थता जताने अथवा निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप धान उपलब्ध कराने का अनुरोध करने पर संचालकों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने संबंधी पत्र जारी करने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
पूरी प्रक्रिया की तथ्यात्मक जांच की मांग
एसोसिएशन ने मांग की है कि धान के भंडारण से लेकर परिवहन, गुणवत्ता, नमी, वजन, घटती तथा संबंधित अभिलेखों के संधारण तक की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कराई जाए। साथ ही यह भी जांच की जाए कि किसी स्तर पर वेयरहाउस संचालकों पर अनावश्यक दबाव अथवा अनुचित कार्रवाई का प्रयास तो नहीं किया गया।शिकायत की प्रतिलिपि मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन भोपाल के अध्यक्ष, विधायक विजय राघवगढ़ संजय पाठक तथा कटनी कलेक्टर सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। एसोसिएशन ने मामले में निष्पक्ष जांच कर संचालकों को राहत दिलाने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

