बारिश के बीच छपरवाह में धूमधाम से हुआ गजानन महाराज का विसर्जन,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी। उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह में अनंत चतुर्दशी को बारिश के बीच श्रद्धा,भक्ति और उल्लास के साथ गजानन महाराज की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। अनंत चतुर्दशी को सुबह से ही क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की और गाजे-बाजे के साथ विसर्जन यात्रा निकाली।
बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में लोग विसर्जन यात्रा में शामिल हुए और “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। श्रद्धालु नाचते-गाते और गुलाल उड़ाते हुए आगे बढ़े। निर्धारित स्थल पर विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद गजानन महाराज की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
विसर्जन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर आयोजकों एवं स्थानीय लोगों ने आवश्यक व्यवस्थाएं संभालीं। श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण विदाई देते हुए अगले वर्ष पुनः गणपति महाराज के आगमन की कामना की।

