कटनी के मार्बल को मिलेगी विशिष्ट पहचान, जीआई टैगिंग की दिशा में होगी पहचान,
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत उद्यमी संवाद में कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी/स्लीमनाबाद, 24 सितंबर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार को स्लीमनाबाद क्षेत्र स्थित महाकौशल रिफ्रैक्ट्रीज, ग्राम पंचायत गुदरी, बहोरीबंद में उद्यमी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने की। संवाद के दौरान जिले के औद्योगिक विकास, स्थानीय उत्पादों की पहचान और उद्यमियों की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कटनी के मार्बल को विशिष्ट पहचान दिलाने, प्रभावी ब्रांडिंग करने तथा जीआई टैगिंग के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में उपलब्ध स्थानीय संसाधनों और उत्पादों को बेहतर पहचान दिलाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाने आवश्यक हैं, जिससे कटनी के मार्बल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके और स्थानीय उद्योगों को भी इसका लाभ प्राप्त हो।
उद्यमी संवाद के दौरान उद्यमियों द्वारा माइनिंग डेडरेंट, ईटीपी सुविधा तथा विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याएं भी सामने रखी गईं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक एवं उचित कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि औद्योगिक इकाइयों के संचालन में अनावश्यक कठिनाइयां न आएं।
कार्यक्रम में कटनी पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, डीएफओ श्री गर्वित गंगवार, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र श्रीमती ज्योति सिंह चौहान, प्रभारी प्रबंधक श्री आशित वर्मा सहित स्थानीय उद्यमी उपस्थित रहे।
उद्यमी संवाद को जिले में उद्योगों के विकास, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

