किसी ने रंगों में सजाया स्वच्छ भारत, किसी ने उकेरा आत्मनिर्भर देश का सपना,
‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर 53 विद्यार्थियों ने दिखाई कल्पना शक्ति, निकिता बर्मन ने जीता प्रथम स्थान
महापौर श्रीमती सूरी ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी, (19 सितंबर) - छोटे-छोटे हाथों में रंगों की कूची थी और आंखों में भारत के सुनहरे भविष्य का सपना। किसी की कल्पना में स्वच्छ और सुंदर शहर था, तो किसी ने आधुनिक तकनीक से आगे बढ़ते आत्मनिर्भर भारत को कागज पर उतारा। किसी चित्र में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश था, तो किसी में शिक्षा और विकास की नई तस्वीर। अवसर था सेवा से संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता का, जिसमें नगर निगम के तीनों विद्यालयों के 53 विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से जीवंत कर दिया।
नगर निगम कटनी द्वारा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में साधुराम स्कूल परिसर में तीनों निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता करते हुए अपने सपनों के भारत की तस्वीर कागज पर उकेरी। रंगों और रेखाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने विकसित, स्वच्छ, समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक भारत की परिकल्पना को अभिव्यक्त किया।
53 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
प्रतियोगिता में साधुराम स्कूल के 15, के.सी.एस. उच्चतर माध्यमिक शाला के 20 तथा ए. रविंद्र राव स्कूल के 18 विद्यार्थियों सहित कुल 53 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। निर्धारित थीम पर चित्र बनाते समय विद्यार्थियों की सृजनात्मकता और कल्पना शक्ति देखते ही बनती थी। प्रतियोगिता स्थल पर कहीं तिरंगे के रंगों में सजा भारत दिखाई दिया तो कहीं स्वच्छ सड़कों, हरियाली, आधुनिक शहरों और आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर नजर आई।
यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए केवल चित्रकला प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अपने देश के भविष्य को लेकर उनके विचारों और सपनों को अभिव्यक्त करने का अवसर भी बना। उनके चित्रों में यह संदेश स्पष्ट दिखाई दिया कि नई पीढ़ी भारत को स्वच्छ, विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में देखना चाहती है।
निकिता बर्मन प्रथम, प्रांशु द्वितीय
प्रतियोगिता में के.सी.एस. उच्चतर माध्यमिक शाला की निकिता बर्मन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। साधुराम स्कूल के प्रांशु द्वितीय तथा ए. रविंद्रराव स्कूल के दीपू चौधरी तृतीय स्थान पर रहे। साधुराम स्कूल के अमित सिंह एवं ए. रविंद्र राव स्कूल की आँचल चौधरी ने सांत्वना स्थान प्राप्त किया।
रंगों के साथ संस्कार और संकल्प की अभिव्यक्ति
सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को मंच देने के साथ ही उन्हें देश और समाज के प्रति अपने विचार व्यक्त करने का अवसर प्रदान किया। प्रतियोगिता में उभरी कल्पनाओं ने यह भी दिखाया कि बच्चों के सपनों में केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि स्वच्छ शहर, हरित पर्यावरण, बेहतर शिक्षा, आधुनिक विकास और आत्मनिर्भर भारत की सामूहिक तस्वीर भी शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान संचालनालय से पधारे अधिकारी श्री ओ.पी. झा, सहायक यंत्री श्री आदेश जैन, उपयंत्री श्री शैलेन्द्र प्यासी सहित तीनों विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

