चित्रों में उकेरे सामाजिक सरोकार, विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश,
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत शासकीय हाई स्कूल बिचुआ में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल बिचुआ में विद्यार्थियों के बीच विभिन्न सामाजिक एवं जनजागरूकता विषयों पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से समाज को जागरूकता का संदेश दिया।
आयोजित प्रतियोगिता में चित्रकला वर्ग में 15 तथा भाषण प्रतियोगिता में 7 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत अभियान, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, शाला त्यागी बच्चों के लिए साक्षरता अभियान,वृक्षारोपण अभियान तथा मानव जीवन में योग का महत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपने विचार व्यक्त किए।
चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण,शिक्षा,नशामुक्ति, बालिका शिक्षा और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिसर में आयोजित इस रचनात्मक गतिविधि ने बच्चों की कल्पनाशीलता के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत किया।

