कटनी जिला के,पथवारी में नम आंखों से दी गई प्राचार्य जगदंबा प्रसाद तिवारी को भावभीनी विदाई आठ वर्षों तक शिक्षा की अलख जगाकर बढ़ाया विद्यालय का गौरव, पदोन्नति पर बीएसी पद का संभालेंगे दायित्व
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी/पथवारी। ग्राम पंचायत पथवारी स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में गुरुवार, 20 अगस्त को संस्था के प्राचार्य जगदंबा प्रसाद तिवारी का विदाई समारोह हर्षोल्लास के साथ, लेकिन नम आंखों के बीच आयोजित किया गया। आठ वर्षों तक विद्यालय में अपनी निष्ठा, मेहनत और समर्पण से शिक्षा की अलख जगाने वाले श्री तिवारी की पदोन्नति पर विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने भावभीनी विदाई दी।श्री तिवारी वर्ष 2018 में शासकीय माध्यमिक शाला पथवारी में पदस्थ हुए थे। अपने आठ वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए। हाल ही में बड़वारा ब्लॉक में बीएसी के पद पर पदोन्नति होने के बाद उन्होंने विद्यालय से विदाई ली।
विदाई समारोह की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा केक काटकर की गई
इसके बाद विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने श्री तिवारी को श्रीफल, शॉल, गमछा, पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। तिलक लगाकर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। जहां एक ओर सभी को उनकी पदोन्नति की खुशी थी, वहीं दूसरी ओर अपने प्रिय शिक्षक के विद्यालय से जाने का भावुक क्षण भी था।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बड़वारा ब्लॉक के बीएसी श्री बशक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन शासकीय प्राथमिक शाला झिरिया टोला के प्रधानाध्यापक मिथिलेश पुरी गोस्वामी ने किया।इस अवसर पर श्रीमती लक्ष्मी गुप्ता, श्री अभिषेक तिवारी, श्रीमती सपना सिंह, श्रीमती देववती सिंह, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष एवं युवा समाजसेवी गणेश पुरी गोस्वामी, श्रीमती शुभा गोस्वामी, श्रीमती विद्या सिंह मार्को, श्रीमती संतोषी बाई गोस्वामी एवं श्रीमती रजनी गोस्वामी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।ग्रामवासियों ने कहा कि श्री तिवारी का आठ वर्षों का कार्यकाल विद्यालय और पूरे ग्राम के लिए सदैव यादगार एवं प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने एक शिक्षक के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के साथ ही गांव के शैक्षणिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।अंत में विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने श्री तिवारी के उज्ज्वल भविष्य और नए दायित्व में सफलता की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

