आपदा मित्र वालेंटियर्स को अग्निशमन एवं बचाव कार्य का दिया गया प्रशिक्षण अग्नि दुर्घटना के दौरान सुरक्षा मानकों, आग बुझाने के तरीकों एवं राहत-बचाव तकनीकों का कराया गया प्रायोगिक अभ्यास
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। मध्यप्रदेश शासन की आपदा मित्र योजना के अंतर्गत जिला इकाई कटनी में चयनित 100 आपदा मित्र वालेंटियर्स को आपदा एवं अग्नि दुर्घटनाओं के दौरान प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य के लिए प्रशिक्षित किया गया। शुक्रवार, 21 अगस्त को कार्यालय वनमण्डलाधिकारी परिसर कटनी में प्रातः 11 बजे से नगर पालिक निगम कटनी के अग्निशमन विभाग एवं फायर यूनिट के दल द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को अग्नि सुरक्षा एवं बचाव कार्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन दल द्वारा अग्नि दुर्घटनाओं के संभावित कारणों, आग के प्रकार, आग बुझाने के विभिन्न तरीकों, अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित उपयोग तथा दुर्घटना स्थल पर राहत एवं बचाव कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।प्रशिक्षणार्थियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित न रखते हुए आवश्यक अग्निशमन उपकरण एवं सामग्री के माध्यम से प्रायोगिक प्रशिक्षण और लाइव डेमो भी कराया गया। इस दौरान आग पर नियंत्रण पाने की तकनीक, अग्निशमन उपकरणों के संचालन तथा स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए राहत-बचाव कार्य करने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।अग्निशमन दल ने प्रशिक्षणार्थियों को समझाया कि किसी भी अग्नि दुर्घटना के दौरान घबराहट से बचते हुए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। प्रशिक्षित आपदा मित्र आपात परिस्थितियों में प्रशासन एवं संबंधित राहत-बचाव दल के साथ समन्वय स्थापित कर नागरिकों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा मित्र वालेंटियर्स को अग्निदुर्घटनाओं के दौरान त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से राहत और बचाव कार्य करने के लिए आवश्यक कौशल एवं व्यवहारिक दक्षता प्रदान करना रहा।

