विकास की राह पर मंगल नगर, 20.49 लाख की लागत से नाली निर्माण कार्य का हुआ भूमिपूजन महापौर श्रीमती सूरी बोलीं—क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप लगातार जारी रहेंगे विकास कार्यक्षेत्रीय पार्षद सहित जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों की रही गरिमामयी मौजूदगी
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी(10 अगस्त)-विकास केवल बड़ी सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं होता, बल्कि किसी मोहल्ले की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान भी क्षेत्र के लिए बड़ी राहत लेकर आता है। इसी सोच के साथ रामकृष्ण परमहंस वार्ड क्रमांक 34 के मंगल नगर में शनिवार को एक महत्वपूर्ण विकास कार्य की शुरुआत हुई। क्षेत्र में लगभग 20 लाख 49 हजार रुपये की लागत से पुलिया के पास नाली निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन वार्ड के वरिष्ठजनों के करकमलों से कराया गया। मंगल नगर में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी विशेष रूप से मौजूद रहीं। उनके साथ वार्ड की क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती शकुंतला सोनी, एमआईसी सदस्य, जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।भूमिपूजन के अवसर पर महापौर सूरी ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर के हर क्षेत्र में जरूरत के अनुसार मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। नागरिकों की समस्याओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। विकास का वास्तविक लाभ तभी है, जब उसका सीधा फायदा आम नागरिक के दैनिक जीवन में दिखाई दे।क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती शकुंतला सोनी ने भी नाली निर्माण कार्य को वार्ड के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता के साथ नगर निगम के समक्ष रखने और उनके निराकरण के लिए प्रयास जारी रखने की बात कही।कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्य के भूमिपूजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। नागरिकों ने कहा कि पुलिया के पास नाली निर्माण होने से बारिश के दिनों में पानी की निकासी बेहतर होगी और रोजमर्रा की परेशानियां कम होंगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होगा और इसका लाभ लंबे समय तक क्षेत्रवासियों को मिलेगा।इस दौरान एमआईसी सदस्य सर्व श्री सुभाष साहू,सुरेंद्र गुप्ता,पार्षद लव साहू सहित समाजसेवी ओमप्रकाश सोनी, जगदीश संशोधनया,खेमराज सख्या,केशव प्रसाद साहू सहित अन्य स्थानीय जनों की मौजूदगी रही।

