युवक की संदिग्ध मौत पर मां ने उठाए सवाल, एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। पुराना पावर हाउस, ताला हाउस, रीवा निवासी सुशीला यादव ने अपने 22 वर्षीय पुत्र विवेक यादव की फांसी लगने से हुई मौत को लेकर पुलिस अधीक्षक कटनी को शिकायत पत्र सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। महिला ने थाना कुठला पुलिस को आवश्यक निर्देश देकर घटना की जांच कराने का अनुरोध किया है।शिकायत में सुशीला यादव ने बताया कि उनका पुत्र विवेक यादव पिता पन्नालाल यादव बचपन में उनके साथ रीवा में रहता था। करीब 12-13 वर्ष की उम्र के बाद उसके पिता उसे अपने पास कटनी ले आए थे, जहां वह अपने परिजनों के साथ रहकर आटा चक्की चलाने का काम करता था। उसके पिता पुरैनी स्थित मैदा फैक्टरी में कार्यरत हैं और कंपनी के क्वार्टर में रहते हैं।महिला के अनुसार 3 अगस्त 2026 को उन्हें अन्य माध्यम से फोन पर सूचना मिली कि विवेक ने फांसी लगा ली है और उसकी मृत्यु हो गई है।
सूचना मिलने के बाद वह रीवा से कटनी पहुंचीं, लेकिन यहां आने पर उन्हें जानकारी मिली कि उनके पुत्र का अंतिम संस्कार उसी दिन कर दिया गया था।शिकायतकर्ता का कहना है कि पुत्र की मौत और अंतिम संस्कार की सूचना उन्हें उन लोगों द्वारा नहीं दी गई, जिनके साथ विवेक निवास करता था। इसी बात को लेकर उन्होंने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।सुशीला यादव ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि मामले की निष्पक्ष एवं गंभीरता से जांच कराई जाए तथा यदि घटना में किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।महिला ने पुलिस से अपने पुत्र की मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाकर परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

