मिठाइयों की गुणवत्ता पर खाद्य सुरक्षा विभाग की पैनी नजर कटनी शहर के 10 खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण, खोया-पेड़ा से लेकर पनीर और नमकीन तक के नमूने संकलित लैब जांच के बाद होगा गुणवत्ता का निर्धारण, अमानक पाए जाने पर होगी वैधानिक कार्रवाई
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। उपभोक्ताओं की थाली तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कटनी शहर में निगरानी और नमूना कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर विभागीय टीम द्वारा विभिन्न मिष्ठान एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिलावट की आशंका वाले खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।अभियान के दौरान मिशन चौक स्थित कोजी मिष्ठान भंडार से खोया पेड़ा, दूध बर्फी और नमकीन तथा इंदौर सेव भंडार से बूंदी लड्डू एवं खोया बर्फी के नमूने लिए गए। सिल्वर टॉकीज स्थित बाहुबली दूध भंडार से पनीर एवं खोया और सिल्वर टॉकीज रोड स्थित शानू मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला, नमकीन एवं बर्फी के नमूने संकलित किए गए।इसी क्रम में बाहुबली खोया भंडार से खोया पेड़ा एवं खोया, पन्ना मोड़ स्थित पटेल मिष्ठान भंडार से कलाकंद एवं खोया तथा बस स्टैंड स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार से खोया पेड़ा के नमूने लिए गए।खाद्य सुरक्षा अमले ने पुरानी स्थित गोरे लाल मिठाई भंडार से बूंदी लड्डू एवं कलाकंद तथा बस स्टैंड कटनी स्थित ओम साई मिठाई शॉप से लड्डू एवं सलोनी के नमूने भी नियमानुसार संकलित किए।
हर नमूने की होगी वैज्ञानिक जांच
विभाग द्वारा संकलित सभी खाद्य नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभाग के अनुसार प्रयोगशाला परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही संबंधित खाद्य पदार्थ की वास्तविक संरचना, गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने अथवा नहीं होने का अंतिम निर्धारण किया जाएगा।इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों के पालन के लिए जवाबदेह बनाना और नागरिकों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
रिपोर्ट में गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई
प्रयोगशाला जांच में यदि कोई नमूना निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों एवं विनियमों के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

