सुरक्षित सफर में बाधा बने घुमंतू मवेशियों पर निगम की सख्ती 10 मवेशी कांजी हाउस और 2 श्वान एबीसी सेंटर भेजे गए
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी। शहर की सड़कों एवं सार्वजनिक मार्गों पर नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा घुमंतू मवेशियों एवं श्वानों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन के निर्देशन तथा स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में हांका दल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर सड़क एवं आवागमन मार्गों पर विचरण कर रहे मवेशियों को सुरक्षित रूप से हटाया जा रहा है।स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि इसी क्रम में सोमवार शाम निगम की हांका टीम द्वारा विभिन्न मुख्य मार्गों दुगड़ी नाला, माधव नगर गेट के आगे गणपति टाइल्स के पीछे, विशाल मेगा मार्ट के सामने एवं मिशन चौक में कार्रवाई करते हुए 10 घुमंतू मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस भेजा गया। जबकि जय प्रकाश वार्ड आदर्श कॉलोनी, विश्राम बाबा वार्ड हर्ष नगर, एवं घंटाघर डीबीआई बैंक के पास की गई कार्यवाही के दौरान 2 श्वानों को पकड़कर एबीसी सेंटर भेजा गया।हांका टीम की इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल सड़कों से मवेशियों को हटाना ही नहीं, बल्कि उनके कारण होने वाली दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करते हुए नागरिकों के लिए सुरक्षित यातायात वातावरण सुनिश्चित करना है।वर्तमान एवं आगामी पर्वों के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन द्वारा विशेष रूप से प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है, जहां घुमंतू मवेशियों के कारण यातायात प्रभावित होने अथवा दुर्घटना की स्थिति निर्मित होने की संभावना रहती है। सड़क पर अचानक मवेशियों के आ जाने से वाहन चालकों को परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना का जोखिम भी बढ़ जाता है। इसे देखते हुए निगम की टीम द्वारा नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है।नगर निगम प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शहर में सुव्यवस्थित यातायात, सुरक्षित आवागमन और सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

