धरवारा में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव, गुरुदेव को भेंट की गई नई कार
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। ग्राम धरवारा में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन ठाकुर शिव शंकर दुबे एवं दुबे परिवार के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर प्रयागराज (इलाहाबाद) से पधारे गृहस्थ संत श्री शिवाकांत द्विवेदी शास्त्री का श्रद्धालुओं ने चरण वंदन एवं चरणामृत ग्रहण कर भव्य स्वागत किया।प्रातः 8 बजे से सुंदरकांड पाठ एवं भगवान शिव के पूजन-अर्चन का शुभारंभ हुआ, जो पूर्वाह्न 11 बजे तक श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। इसके पश्चात गुरु महाराज शिवानंद द्विवेदी जी का पूजन, भजन-कीर्तन, आरती एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। सुंदरकांड की पूर्णाहुति के बाद भगवान शिव की आरती तथा गुरुदेव की भव्य आरती में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति गीतों और कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा।गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शिष्य मंडल एवं भक्तों ने सामूहिक श्रद्धा के प्रतीक स्वरूप गुरुदेव को एक नई क्रेटा कार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत क्षेत्र से आए सभी श्रद्धालुओं ने भंडारा प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में ठाकुर शिव शंकर दुबे के साथ सीताराम दुबे, श्याम दुबे, भगवानदास दुबे, हनुमान दुबे, राकेश दुबे, कमलेश दुबे, मयंक दुबे, यश दुबे, कान्हा दुबे सहित समस्त दुबे परिवार, धरवारा एवं क्षेत्रीय शिष्य मंडल का विशेष योगदान रहा।इस अवसर पर वर्ष 2027 के गुरु पूर्णिमा महोत्सव की घोषणा भी की गई। बताया गया कि आगामी वर्ष यह भव्य आयोजन ग्राम महगवां, तहसील स्लीमनाबाद, जिला कटनी में अंजनी दुबे, सोनू दुबे एवं समस्त दुबे परिवार के सान्निध्य में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं शिष्यों से अगले वर्ष महगवां पहुंचकर गुरु पूर्णिमा महोत्सव में सहभागी बनने का आग्रह किया।

