नीट मुद्दे पर कटनी में छात्रों का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़ कटनी। नीट परीक्षा से जुड़े विवाद और पेपर लीक के विरोध में शनिवार को कटनी में छात्रों और युवाओं ने प्रदर्शन किया। सोशल मीडिया के माध्यम से किए गए आह्वान के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने हाथों में तिरंगा और विभिन्न मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देशभर के छात्रों में परीक्षा व्यवस्था को लेकर असंतोष है और पारदर्शी जांच के साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को गंभीरता से सुना जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ हुई कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे हैं।इधर, प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए जिला पुलिस और प्रशासन पहले से ही सतर्क रहा। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई और जिले के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रदर्शन स्थल सहित प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी गई। प्रशासन ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए।

