युवाओं,किसानों और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर कांग्रेस का सरकार के खिलाफ मोर्चा संयुक्त पत्रकार वार्ता कर जिला व प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान 15 जुलाई को मुख्यमंत्री निवास घेराव सहित चरणबद्ध कार्यक्रमों की घोषणा

युवाओं,किसानों और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर कांग्रेस का सरकार के खिलाफ मोर्चा
संयुक्त पत्रकार वार्ता कर,
 जिला व प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान,

15 जुलाई को मुख्यमंत्री निवास घेराव सहित चरणबद्ध कार्यक्रमों की घोषणा

युवाओं,किसानों और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर कांग्रेस का सरकार के खिलाफ मोर्चा संयुक्त पत्रकार वार्ता कर जिला व प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान 15 जुलाई को मुख्यमंत्री निवास घेराव सहित चरणबद्ध कार्यक्रमों की घोषणा

 मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। युवाओं के भविष्य,किसानों की समस्याओं,उज्जैन भूमि प्रकरण और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस ने जिला व प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का ऐलान किया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस की संयुक्त पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला एवं ग्रामीण जिलाध्यक्ष तथा पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता के ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में लाखों युवाओं का भविष्य संकट में है। नीट और सीबीएसई परीक्षा से जुड़े विवादों तथा विद्यार्थियों की शिकायतों ने शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस "छात्रों की गूंज" अभियान के माध्यम से प्रदेशभर के विद्यार्थियों के बीच पहुंचेगी और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा छात्रों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन करेगी।

ग्रामीण जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने कहा कि खरीफ सीजन के बीच प्रदेश का किसान खाद और बिजली संकट से जूझ रहा है। डीएपी, यूरिया और अन्य उर्वरकों की कमी, खाद की कालाबाजारी, पर्याप्त बिजली नहीं मिलने तथा टोकन व्यवस्था की अव्यवस्था के कारण किसानों की बुवाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की मूलभूत समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल रही है।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने उज्जैन भूमि प्रकरण का मुद्दा भी उठाया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और मुख्यमंत्री निर्दोष हैं तो पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा सभी तथ्य जनता के सामने रखे जाएं। साथ ही महाकाल लोक परियोजना में उठे भ्रष्टाचार और गुणवत्ता संबंधी सवालों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पार्टी जल्द ही एक विशेष डिजिटल पोर्टल शुरू करेगी, जहां प्रदेश का कोई भी नागरिक भ्रष्टाचार, सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग अथवा कथित अवैध संपत्तियों से संबंधित जानकारी एवं दस्तावेज गोपनीय रूप से साझा कर सकेगा। सत्यापन के बाद इन तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन के तहत प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताएं, "छात्रों की गूंज" अभियान, 14 और 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक जनजागरण कार्यक्रम, 15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव तथा जुलाई के अंतिम सप्ताह में उज्जैन में विशाल जनआंदोलन और रैली आयोजित करेगी। साथ ही विधानसभा सत्र में भी इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी का यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य, किसानों के अधिकार, पारदर्शी शासन व्यवस्था और लोकतांत्रिक जवाबदेही सुनिश्चित कराने के लिए है। उन्होंने कहा कि जब तक विद्यार्थियों को न्याय, किसानों को राहत और जनता को जवाब नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

युवाओं,किसानों और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर कांग्रेस का सरकार के खिलाफ मोर्चा संयुक्त पत्रकार वार्ता कर जिला व प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान 15 जुलाई को मुख्यमंत्री निवास घेराव सहित चरणबद्ध कार्यक्रमों की घोषणा


Post a Comment (0)
Previous Post Next Post