बारिश के बीच सुगम जल निकासी की व्यवस्था हेतु निगम प्रशासन के प्रयास जारी,
उपायुक्त एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश,
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी / दिनांक,3 जुलाई 2026, रुक-रुक कर हुई बारिश के दौरान शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो तथा नागरिकों का आवागमन सुचारु बना रहे, इसके लिए नगर निगम का स्वास्थ्य एवं स्वच्छता अमला पूरे समय सक्रिय रहा। निगम प्रशासन के निर्देश पर स्वच्छता दूतों ने नगर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करते हुए नालियों की सफाई, अवरोध हटाने तथा वर्षा जल की समुचित निकासी सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया गया।
अधिकारियों ने लिया जायजा
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया ने स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी के साथ गाटरघाट, मसूरहा घाट, सागर पुलिया, माधवनगर, अर्जुन पैलेस के पीछे स्थित यादव मोहल्ला सहित विभिन्न जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता अमले को निर्देश दिए कि वर्षा के दौरान प्रत्येक संवेदनशील क्षेत्र पर सतत निगरानी रखी जाए तथा कहीं भी जलभराव की स्थिति बनने पर पंप, सफाई उपकरण एवं आवश्यक संसाधनों के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सुगम जल निकासी हेतु किए गए प्रयास
बारिश के दौरान निगम के स्वच्छता दूतों ने सरला नगर, नदी पार मुक्तिधाम, कनकने स्कूल क्षेत्र, गांधी गंज, मुड़वारा स्टेशन हॉस्पिटल लाइन, नई बस्ती, रेलवे लाइन सुलभ शौचालय क्षेत्र, मनोज हार्डवेयर के सामने, गायत्री नगर, बरगवां मुख्य मार्ग, बंधवा टोला, हाउसिंग बोर्ड दुर्गा मंदिर क्षेत्र, कावसजी वार्ड, माधवनगर रेलवे स्टेशन, डायमंड स्कूल, रिलायंस पेट्रोल पंप के आगे, सागर पुलिया सहित नगर के अनेक क्षेत्रों में नालियों एवं जल निकासी मार्गों की विशेष सफाई कर वर्षा जल के निर्बाध प्रवाह की व्यवस्था सुनिश्चित की। स्वच्छता अमले की तत्परता से कई स्थानों पर संभावित जलभराव की स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया गया।
कंट्रोल रूम रहा सक्रिय
नगर निगम कार्यालय में स्थापित वर्षाकालीन कंट्रोल रूम में प्राप्त चारों शिकायतों का भी तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित वार्डों के अमले को मौके पर भेजकर त्वरित निराकरण कराया गया, जिससे नागरिकों को राहत मिली।
नागरिकों से अपील
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा के दौरान नालियों एवं जल निकासी मार्गों में कचरा, प्लास्टिक अथवा अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें। स्वच्छ एवं अवरोध-मुक्त जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने में जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों के सहयोग और स्वच्छता दूतों की सतत सक्रियता से शहर को जलभराव की समस्या से काफी हद तक सुरक्षित रखा जा सकता है।

