कटनी,माँ दुर्गा अस्पताल की सड़क पर पार्किंग से यातायात बाधित,नागरिक परेशान
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़,कटनी। आदर्श कॉलोनी स्थित माँ दुर्गा अस्पताल के बाहर सड़क पर वाहनों की पार्किंग किए जाने से क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो रहा है। अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क पर खड़े होने से आए दिन जाम जैसी स्थिति निर्मित हो जाती है,जिससे स्थानीय रहवासियों और राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अस्पताल परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने अथवा उसका समुचित उपयोग नहीं किए जाने के कारण वाहन सड़क पर खड़े किए जाते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और अन्य वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। विशेष रूप से स्कूल समय और व्यस्त घंटों में स्थिति अधिक गंभीर हो जाती है।रहवासियों ने जिला प्रशासन, नगर निगम एवं यातायात पुलिस से मांग की है कि अस्पताल के बाहर सड़क पर होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा अस्पताल प्रबंधन को उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं,जिससे आम नागरिकों को राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।स्थानीय लोगों का मानना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस एवं अन्य आवश्यक वाहनों के आवागमन में भी कठिनाई उत्पन्न हो सकती है। नागरिकों ने जनहित में शीघ्र समाधान की मांग की है।

