शहीदों की स्मृति का अपमान: रेत से भरे डंपर की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुआ शहीद द्वार,कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। रघुनाथगंज वार्ड स्थित सिंधु भवन के सामने बने देश के वीर शहीदों की स्मृति में स्थापित शहीद द्वार को रेत से भरे तेज रफ्तार डंपरों ने गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया है। बताया जा रहा है कि रात के समय गुजरने वाले एक रेत से भरे डंपर ने शहीद द्वार को टक्कर मार दी, जिससे इसकी संरचना बुरी तरह प्रभावित हो गई है।क्षतिग्रस्त शहीद द्वार के कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है, जिससे राहगीरों और स्थानीय नागरिकों के लिए बड़ा खतरा उत्पन्न हो गया है। क्षेत्रवासियों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत अथवा सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं किए गए तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।नगर निगम कटनी के पार्षद एवं अधिवक्ता मिथलेश जैन ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर मामले की जानकारी नगर निगम आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को दे दी है तथा शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि शहीद द्वार के नीचे से आवागमन करते समय विशेष सावधानी बरतें और प्रशासन से भी तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।स्थानीय लोगों ने शहीदों की स्मृति से जुड़े इस प्रतीक स्थल को हुए नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषी वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और शहीद द्वार के शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग की है।

