विधायक संदीप जायसवाल ने ग्राम पंचायत पहाड़ी को दी बड़ी सौगात, खेल मैदान के लिए 2 करोड़ की घोषणा, मैरिज गार्डन निर्माण की पहल
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। जनकल्याण पर्व के समापन अवसर पर ग्राम पंचायत पहाड़ी में आयोजित शिविर में क्षेत्रीय विधायक संदीप जायसवाल ने शिरकत कर विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत पहाड़ी निवार क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।कार्यक्रम में विधायक ने पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा छात्र-छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया। साथ ही लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं लाभ प्रदान किए गए। आयुष्मान भारत योजना के तहत अनेक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाकर वितरित किए गए तथा किसानों को खसरा-खतौनी की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गईं।कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि ग्राम पंचायत पहाड़ी में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रस्तावित स्टेडियम का भूमि पूजन रहा,जिसका शुभारंभ बच्चों के हाथों विधायक के नेतृत्व में कराया गया। विधायक संदीप जायसवाल ने खेल मैदान के विकास के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया।इसके साथ ही निवार स्थित पुराने जर्जर शासकीय अस्पताल भवन की भूमि पर एक विशाल मैरिज गार्डन निर्माण की योजना पर भी चर्चा की गई। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि का सीमांकन एवं आवश्यक पत्राचार शीघ्र पूरा कर मध्य प्रदेश शासन के नाम से अनुमोदन कराकर ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को एक आधुनिक सामुदायिक मैरिज गार्डन की सुविधा मिल सके।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन,जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत पहाड़ी के जागरूक नागरिकों ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों एवं ग्रामवासियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए विधायक द्वारा की गई घोषणाओं का स्वागत किया।

