विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिन्दी ओलंपियाड 2026 के पोस्टर का विमोचन,विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता पर जोर
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़,कटनी, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आईसेक्ट पीएमकेके क्षेत्रीय कार्यालय कटनी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत कटनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) हरसिमरन कौर ने "विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिन्दी ओलंपियाड 2026" के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया।कार्यक्रम की अगली कड़ी में नरेंद्र बड़खेरकर, देवेश मिश्रा तथा एम. कीरो ने भी पोस्टर का लोकार्पण कर प्रतियोगिता के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।इस अवसर पर केंद्र प्रमुख वेद प्रकाश ने बताया कि विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिन्दी ओलंपियाड एक प्रतिष्ठित वैश्विक प्रतियोगिता है, जिसका आयोजन 70 से अधिक देशों में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य हिन्दी भाषा के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना, विद्यार्थियों में हिन्दी के प्रति रुचि एवं जागरूकता विकसित करना तथा उनकी भाषायी दक्षता को सशक्त बनाना है।विमोचन समारोह के दौरान सीईओ हरसिमरन कौर ने जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता में सहभागी बनाने और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में भाषा के प्रति आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास करती हैं।उल्लेखनीय है कि विश्वरंग अंतरराष्ट्रीय हिन्दी ओलंपियाड 2026 का आयोजन 14 से 30 सितंबर 2026 के मध्य किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को हिन्दी भाषा एवं साहित्य के ज्ञान को विस्तार देने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।

