कटनी,सावरकर वार्ड में स्वीकृत नाली निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग,नागरिकों ने आयुक्त को सौंपा शिकायत पत्र
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़,कटनी, 4 जून 2026 सावरकर वार्ड के नागरिकों ने नगर पालिक निगम आयुक्त को शिकायत पत्र सौंपकर वार्ड में स्वीकृत नाली निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की है। नागरिकों का आरोप है कि नाली निर्माण की स्वीकृति मिलने के बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।शिकायत में बताया गया है कि अक्षर नंदन स्कूल के पीछे स्थित सार्वजनिक गली तथा डॉ. मंगतराम के पीछे की गली में लंबे समय से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके कारण क्षेत्र में गंदगी का अंबार लगा रहता है और लोगों को आवागमन में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उक्त क्षेत्र से पिछले लगभग दस वर्षों से नियमित रूप से कचरा भी नहीं उठाया गया है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है।वार्डवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सावरकर वार्ड में स्वीकृत नाली निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराया जाए तथा क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए।शिकायत पत्र पर सोहनलाल गुप्ता, चंद्रयादव,अनिल शर्मा सहित अनेक वार्डवासियों के हस्ताक्षर हैं। नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि नगर निगम प्रशासन उनकी समस्या का शीघ्र समाधान करेगा।

