हजरत सैयद बाबा रहमतुल्ला, अलैह,का
उर्स मुबारक 21 मई से प्रारंभ, 24 मई को होगा कव्वाली का शानदार मुकाबला
मध्य प्रदेश समाचार न्यूज़कटनी। नगर निगम कार्यालय के समीप स्थित हज़रत सैय्यद बाबा रहमतुल्ला अलैह की मजार शरीफ में सालाना उर्स मुबारक एवं मेला का आयोजन 21 मई से प्रारंभ होगा। उर्स के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ कव्वाली एवं रंग महफिल का भव्य आयोजन किया जाएगा। दरगाह कमेटी द्वारा नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा की दुआओं से फैजयाब होने की अपील की गई है।
दरगाह कमेटी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 21 मई को शाम 5 बजे परचम कुशाई की रस्म अदा की जाएगी। 22 मई को सुबह 9 बजे गुस्ल शरीफ तथा रात्रि 9 बजे मिलाद शरीफ का आयोजन होगा। 23 मई को शाम 6 बजे अल्फर्टगंज स्थित मरहूम मोहम्मद हुसैन सौदागर के निवास से चादर शरीफ का जुलूस निकाला जाएगा, जो नगर भ्रमण करते हुए दरगाह शरीफ पहुंचेगा, जहां चादर पेश की जाएगी। वहीं 24 मई की रात 9 बजे से कव्वाली का शानदार मुकाबला आयोजित होगा, जिसमें मशहूर कव्वाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
उर्स की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर आयोजित बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक की सदारत हाजी मोहम्मद शफीक कुरैशी ने की। इस दौरान अध्यक्ष मोहम्मद शकील, सचिव मोहम्मद जावेद, हाजी अब्दुल कादिर मुन्ना भाई, गुलाम ख्वाजा नियाजी खुज्जूभाई, इमरान फरीदी एडवोकेट, महफूज भाई, नाजिम अली, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद समीर, मोहम्मद आबिद, फैज मोहम्मद, राजू गुप्ता, रामबाबू, मोहम्मद सरफराज, मोहम्मद नईम, लाइक कुरैशी, मजहर कुरेशी, मोहम्मद रफीक एवं मोहम्मद सिराज तेली सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कमेटी द्वारा उर्स प्रभारी के रूप में राजेन्द्र दुबे (पप्पू भईया) एवं हाजी अब्दुल कादिर (मुन्ना भाई) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजन समन्वय का दायित्व नाजिम खान, नवाब खान एवं आदिल खान को दिया गया है। कव्वाली एवं स्टेज व्यवस्था का प्रभार मोहम्मद रफीक एवं मोहम्मद सिराज तेली संभालेंगे, जबकि लंगर व्यवस्था की जिम्मेदारी मोहम्मद अरशद कुरैशी को सौंपी गई है।
दरगाह कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद शकील एवं सचिव मोहम्मद जावेद ने समस्त नगरवासियों से उर्स एवं मेले में शामिल होकर कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की है।

